रायपुर ग्रामीण में मतदाता सूची में गड़बड़ी, जांच समिति गठित

रायपुर, 29 दिसंबर 2025। रायपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची में गड़बड़ी की शिकायत सामने आने के बाद प्रशासन ने जांच समिति का गठन किया है। यह कार्रवाई भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देशानुसार जिले में संचालित विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) 2025 के तहत की गई है।
धरसीवां तहसील के बिरगांव क्षेत्र स्थित गाजी नगर की मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं की शिकायत मिलने पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-48 रायपुर ग्रामीण द्वारा तीन सदस्यीय जांच दल गठित किया गया है।
जांच समिति में तहसीलदार रायपुर राममूर्ति दीवान, नगर निगम बीरगांव के राजस्व उप निरीक्षक शैलेन्द्र निर्मलकर और ग्राम बीरगांव के महेश कुमार सोनवानी को शामिल किया गया है।
जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार जांच दल ने भाग संख्या 63 और 64 की मतदाता सूची की मौके पर जाकर जांच की। फील्ड वेरिफिकेशन के दौरान संबंधित मतदाता उसी क्षेत्र में निवासरत पाए गए। मतदाताओं के मकान नंबर में त्रुटि पाई गई, जिसे सुधारने के लिए संबंधित मतदाताओं से फार्म-8 भरवाकर मकान संख्या में आवश्यक संशोधन किया जा रहा है।
प्रशासन का कहना है कि जांच प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ की जा रही है और मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।



