घर में छापते और बाजार में खपाते थे नकली नोट, पति-पत्नी गिरफ्तार

दुर्ग, 30 दिसंबर 2025। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलिस ने नकली नोटों के एक संगठित खेल का पर्दाफाश किया है। रानीतराई थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है, जो अपने घर में ही नकली नोट छापकर स्थानीय बाजारों में चला रहे थे। आरोपियों के पास से नकली नोट बनाने की मशीनें और बड़ी मात्रा में जाली करेंसी बरामद की गई है।
साप्ताहिक बाजार से शुरू हुई जांच
29 दिसंबर को रानीतराई के साप्ताहिक बाजार में नकली नोट चलने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर अरुण कुमार तुरंग और उसकी पत्नी राखी तुरंग को हिरासत में लिया।
इस मामले में शिकायतकर्ता तुलेश्वर सोनकर (40 वर्ष), निवासी ग्राम सिलपट, धमतरी ने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ बाजार में सब्जी बेच रहा था। शाम करीब 5:30 बजे एक पुरुष और महिला ने 60 रुपये की सब्जी खरीदी और 500 रुपये का नोट दिया। कुछ देर बाद अन्य व्यापारियों से नकली नोट की चर्चा हुई, जिसके बाद गल्ले की जांच करने पर नोट नकली पाया गया।
पूरे बाजार में खपाए जा रहे थे जाली नोट
जांच में सामने आया कि आरोपी दंपति ने बाजार के कई व्यापारियों को इसी तरह नकली नोट थमाए थे। पुलिस ने दोनों को पकड़कर पूछताछ की, जिसमें अरुण तुरंग ने नकली नोट छापने और उन्हें बाजार में चलाने की बात स्वीकार की।
ऑनलाइन मंगाई थी मशीन, घर में होती थी छपाई
आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने ऑनलाइन कलर प्रिंटर, फोटोकॉपी मशीन और कागज मंगाया था। घर पर 500 रुपये के नोटों की फोटोकॉपी कर नकली नोट तैयार किए जाते थे, जिन्हें पहले पाटन और फिर रानीतराई के साप्ताहिक बाजार में खपाया जा रहा था। घटना वाले दिन वह 5,200 रुपये के नकली नोट लेकर बाजार पहुंचा था।
घर से बड़ी मात्रा में नकली करेंसी जब्त
पुलिस ने आरोपियों के निवास सोनपैरी, मुजगहन (रायपुर) में तलाशी ली। वहां से फोटोकॉपी मशीन, कागज और कुल 1,70,500 रुपये के नकली नोट (500, 200 और 100 रुपये के नोट) जब्त किए गए। इसमें मौके से बरामद 5,200 रुपये भी शामिल हैं।
मामला दर्ज, जांच जारी
पीड़ितों की रिपोर्ट पर थाना रानीतराई में अपराध क्रमांक 123/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नकली नोटों का नेटवर्क कहां-कहां तक फैला है।
गिरफ्तार आरोपी
अरुण तुरंग, उम्र 50 वर्ष
राखी तुरंग, उम्र 40 वर्ष
निवासी: ग्राम सोनपैरी, मुजगहन, रायपुर
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे और खुलासे संभव हैं।



