पशु रेस्क्यू वाहन से दुर्घटनाग्रस्त पशुओं को मिलेगी त्वरित चिकित्सा सुविधा
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया लोकार्पण

कवर्धा, 31 दिसंबर 2025। पशु संरक्षण और संवेदनशील सेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने पशु रेस्क्यू वाहन का लोकार्पण किया। इस वाहन को 13 लाख 60 हजार रुपये की लागत से विधायक मद के अंतर्गत उपलब्ध कराया गया है।
लोकार्पण के अवसर पर उप मुख्यमंत्री शर्मा ने पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारियों से वाहन की तकनीकी विशेषताओं, उपयोगिता और संचालन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने मौके पर ही वाहन का परीक्षण कर घायल पशुओं को सुरक्षित रूप से वाहन में लाने और ले जाने की प्रक्रिया का प्रत्यक्ष अवलोकन भी किया।
पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस आधुनिक पशु रेस्क्यू वाहन के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं अथवा अन्य कारणों से घायल पशुओं को त्वरित रूप से घटनास्थल से पशु चिकित्सालय तक पहुंचाया जा सकेगा। उपचार के बाद पशुओं को सुरक्षित रूप से गौशाला या पशु शेल्टर तक ले जाने की भी समुचित व्यवस्था वाहन में उपलब्ध है।
उप मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में राज्य सरकार गौ संरक्षण और पशु कल्याण के प्रति पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। पशु रेस्क्यू वाहन जैसी सुविधाएं न केवल पशुओं के जीवन की रक्षा करेंगी, बल्कि आम नागरिकों और पशुपालकों के लिए भी अत्यंत उपयोगी सिद्ध होंगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वाहन का नियमित, समुचित और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए तथा इसकी सतत निगरानी और रख-रखाव पर विशेष ध्यान दिया जाए।
इस अवसर पर सांसद संतोष पाण्डेय, पूर्व संसदीय सचिव डॉ. सियाराम साहू, पूर्व विधायक योगेश्वर राज सिंह, अशोक साहू, जिला पंचायत सभापति डॉ. बीरेन्द्र साहू, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, उपाध्यक्ष पवन जायसवाल, जनपद उपाध्यक्ष गणेश तिवारी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विदेशी राम धुर्वे, श्रीमती विजयलक्ष्मी तिवारी, श्रीमती सतविंदर पाहुजा, सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्षद और पंचमुखी बूढ़ा महादेव सेवा समिति के सदस्य उपस्थित रहे।



