छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों का बड़ा एक्शन: सुकमा में 12 और बीजापुर में 2 नक्सली ढेर

रायपुर, 3 जनवरी 2026। छत्तीसगढ़ के सुकमा और बीजापुर जिलों में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ की खबरें सामने आई हैं। सुकमा जिले में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है, जहां 12 नक्सलियों को ढेर कर दिया गया है। वहीं बीजापुर जिले में भी दो नक्सली मारे गए हैं।

सुकमा जिले के किस्टाराम थाना क्षेत्र के जंगलों में शनिवार सुबह सुरक्षाबलों ने नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर तलाशी अभियान शुरू किया था। इसी दौरान जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गई। सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए 12 नक्सलियों को मार गिराया। मुठभेड़ स्थल से AK-47 और INSAS सहित कई ऑटोमैटिक हथियार बरामद किए गए हैं। हालांकि, इस कार्रवाई को लेकर अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

उधर, बीजापुर जिले के दक्षिण क्षेत्र में भी सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। शनिवार सुबह करीब 5 बजे डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) के जवानों ने नक्सलियों के खिलाफ सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। इसी दौरान गोलीबारी शुरू हो गई, जो रुक-रुक कर जारी रही। इस मुठभेड़ में दो नक्सलियों के मारे जाने की सूचना है।

सुरक्षाबलों के अनुसार, दोनों इलाकों में अभी भी तलाशी अभियान चलाया जा रहा है ताकि किसी अन्य नक्सली की मौजूदगी का पता लगाया जा सके। इन मुठभेड़ों को नक्सलवाद के खिलाफ चल रहे अभियान में अहम सफलता माना जा रहा है।

सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ पर बस्तर IG, पी. सुंदरराज ने कहा, “बीजापुर और सुकमा जिलों में माओवादियों की मौजूदगी की खुफिया रिपोर्ट के आधार पर सुरक्षा बलों ने एक ऑपरेशन शुरू किया। ऑपरेशन के दौरान, सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच कई मुठभेड़ हुईं। मुठभेड़ के बाद, इलाके में तलाशी ली गई। बीजापुर जिले से दो माओवादियों के शव बरामद किए गए, और सुकमा जिले से कुल 12 माओवादियों के शव बरामद किए गए। सुरक्षा बलों ने कुल 14 शव बरामद किए…मुठभेड़ वाली जगह से AK-47 और INSAS राइफल सहित बड़ी संख्या में हथियार भी बरामद किए गए।”

Related Articles

Back to top button