छत्तीसगढ़

स्कूल में घुसा आवारा कुत्ता, 4 छात्रों को काटा, मचा हड़कंप…

बिलासपुर, 6 जनवरी 2026। बिलासपुर में स्कूल परिसरों में बच्चों की सुरक्षा पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। सकरी क्षेत्र के एक सरकारी स्कूल में घुसे आवारा कुत्ते ने पढ़ाई के दौरान चार बच्चों पर हमला कर दिया, जिससे स्कूल में अफरा-तफरी मच गई और बच्चों को अस्पताल पहुंचाना पड़ा।

सोमवार को स्कूल में कक्षाएं चल रही थीं, इसी दौरान एक आवारा कुत्ता स्कूल परिसर में घुस आया और बच्चों पर हमला कर दिया। कुत्ते ने सबसे पहले आठवीं कक्षा की छात्रा मोना यादव, पिता नवल यादव, पर हमला कर उसके पैरों में काट लिया। इसके बाद यादव मोहल्ला निवासी तमन्ना साहू और सूरज को भी कुत्ते ने निशाना बनाया। स्कूल में मची चीख-पुकार के बीच शिक्षकों ने किसी तरह बच्चों को कुत्ते से बचाया। इसी दौरान गांव नवदा से मामा के घर आए एक अन्य बच्चे को भी कुत्ते ने काट लिया।

हमले में घायल चार बच्चों में से तीन को सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि एक बच्चे का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद स्कूल में दहशत का माहौल बन गया और अभिभावकों में भी नाराजगी देखी गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से आवारा कुत्तों की समस्या बनी हुई है, लेकिन अब इसका असर सीधे स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों पर पड़ने लगा है। इससे पहले खमतराई स्थित पीएमश्री स्कूल में भी आवारा कुत्ते ने एक छात्र और उसे बचाने आई दो शिक्षिकाओं को काट लिया था, जिसमें एक शिक्षिका गंभीर रूप से घायल हुई थीं।

बच्चों की सुरक्षा को लेकर शिक्षा विभाग पहले ही स्कूलों के आसपास आवारा कुत्तों की स्थिति की जानकारी देने के निर्देश जारी कर चुका है। इसी क्रम में बिलासपुर जिला शिक्षा अधिकारी विजय टांडे ने सभी प्राचार्यों को पत्र लिखकर स्कूलों की बाउंड्रीवाल और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी मांगी है। लगातार सामने आ रही घटनाओं के बाद अब प्रशासन से ठोस कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।

Related Articles

Back to top button