JEE में खराब प्रदर्शन से आहत छात्र लापता, पिता-मामा को भेजे मैसेज से मचा हड़कंप

जगदलपुर, 9 जनवरी 2026 (वीएनएस)। जेईई परीक्षा में मनमाफिक प्रदर्शन न होने से परेशान 17 वर्षीय नाबालिग छात्र के लापता होने से इलाके में हड़कंप मच गया है। छात्र ने लापता होने से पहले अपने पिता और मामा को व्हाट्सएप पर आत्महत्या करने की बात लिखकर संदेश भेजा था। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम उसकी तलाश में जुटी हुई है, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिला है।
जानकारी के अनुसार, रायगढ़ निवासी अंश श्रीवास्तव (17 वर्ष), पिता अमित श्रीवास्तव, करीब 15 दिन पहले जेईई परीक्षा देने के लिए जगदलपुर स्थित अपने ननिहाल आया था। शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे वह परीक्षा में अपेक्षित प्रदर्शन न होने से आहत होकर स्कूटर लेकर घर से निकल गया। इसके बाद से उसका मोबाइल फोन बंद आ रहा है।
घर से निकलने के कुछ समय बाद अंश ने अपने पिता और मामा को व्हाट्सएप पर संदेश भेजा, जिसमें उसने आत्महत्या करने की बात कही थी। संदेश मिलने के बाद परिजनों ने उससे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन बंद होने के कारण संपर्क नहीं हो सका।
परिजनों को नया पुल के पास अंश का स्कूटर मिला, जिससे अनहोनी की आशंका और गहरा गई। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और नदी में तलाश अभियान शुरू किया गया।
फिलहाल छात्र का कोई पता नहीं चल पाया है। घटना के बाद से परिवार सदमे में है और किसी अनहोनी की आशंका को लेकर चिंतित है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और तलाश अभियान जारी है।



