कक्षा चौथी की परीक्षा में भगवान श्रीराम के नाम पर आपत्तिजनक सवाल…
NSUI ने शिक्षा विभाग पर उठाए सवाल, सौंपा ज्ञापन

रायपुर, 9 जनवरी 2026। महासमुंद जिले में कक्षा चौथी की अर्धवार्षिक परीक्षा के अंग्रेजी प्रश्न पत्र में भगवान श्रीराम के पवित्र नाम को आपत्तिजनक संदर्भ में शामिल किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना को लेकर NSUI ने राज्य की शिक्षा व्यवस्था और भाजपा सरकार की सोच पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
प्रश्न पत्र में एक सवाल में पूछा गया कि “मोना के कुत्ते का नाम क्या है?” और विकल्पों में बाला, शेरू, राम या कोई नहीं जैसे नाम दिए गए। बच्चों की परीक्षा में भगवान श्रीराम के नाम को इस तरह शामिल करना कई संगठनों और लोगों ने अपमानजनक और निंदनीय बताया है।
इस मामले को लेकर NSUI रायपुर ने जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी हिमांशु भारतीय ने इसे विभागीय त्रुटि स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग से गलती हुई है और मामले की जांच के लिए एक समिति गठित की जा रही है। समिति आगामी 7 दिनों के भीतर अपनी जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी, जिसके आधार पर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
NSUI रायपुर जिला अध्यक्ष शान्तनु झा ने कहा कि यह केवल तकनीकी या मुद्रण की गलती नहीं है, बल्कि प्रश्न पत्र निर्माण से लेकर छपाई और वितरण तक पूरी प्रक्रिया में गंभीर लापरवाही हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि “प्रिंटर की गलती” कहकर जिम्मेदारी से बचने की कोशिश अब स्वीकार्य नहीं है।
NSUI ने चेतावनी दी कि यदि जांच के नाम पर मामले को दबाने या दोषियों को बचाने का प्रयास किया गया, तो संगठन प्रदेशव्यापी आंदोलन करेगा। संगठन का कहना है कि भगवान श्रीराम का अपमान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, क्योंकि यह पूरे सनातन समाज की आस्था से जुड़ा विषय है।
इस दौरान NSUI रायपुर जिला अध्यक्ष शान्तनु झा, प्रदेश महासचिव निखिल बघेल, जिला महामंत्री सूरज साहू, जिला उपाध्यक्ष तारिक अनवर, जिला महासचिव संस्कार पांडे, विमल साहू, डिकेंद्र सिन्हा, देवेंद्र पाल, धनंजय पाल, देव, भूपेंद्र सहित बड़ी संख्या में NSUI कार्यकर्ता मौजूद रहे।



