बिलाईगढ़ में युवा संगम: राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ जुटे सैकड़ों युवा

बिलाईगढ़, 19 जनवरी 2026। राष्ट्र सेवा, संस्कृति और युवा शक्ति के समन्वय का सशक्त उदाहरण रविवार को भटगांव में देखने को मिला, जब राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) द्वारा बिलाईगढ़ खंड का युवा संगम भव्य रूप से आयोजित किया गया। 18 जनवरी को प्रे.भु.प्र. सिंह विद्यालय परिसर में हुए इस आयोजन में क्षेत्रभर से सैकड़ों युवाओं ने भाग लेकर राष्ट्र निर्माण के संकल्प को दोहराया।
कार्यक्रम में युवाओं को केवल व्यक्तिगत प्रगति नहीं, बल्कि समाज और देश के प्रति उत्तरदायित्व निभाने का संदेश दिया गया।
युवा ही राष्ट्र की असली ताकत: सुनील कुलकर्णी
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता RSS के अखिल भारतीय सह-प्रचारक प्रमुख श्री सुनील कुलकर्णी ने अपने ओजस्वी उद्बोधन में युवाओं को राष्ट्र की रीढ़ बताया। उन्होंने कहा कि अनुशासन, सेवा और समर्पण के बिना सशक्त भारत की कल्पना संभव नहीं है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे करियर के साथ-साथ सामाजिक और राष्ट्रीय दायित्वों को भी जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं।
कविता से जगा जोश, अमन अक्षर ने बांधा समां
सांस्कृतिक सत्र में इंदौर से आए सुप्रसिद्ध कवि अमन अक्षर ने अपनी राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत कविताओं से युवाओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी रचनाओं में देश, संस्कृति और आत्मगौरव की झलक साफ नजर आई, जिसने युवाओं में विशेष उत्साह भर दिया।
राजकीय गीत से शुरुआत, वंदे मातरम से समापन
कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ के राजकीय गीत ‘अरपा पैरी के धार’ से हुई, जिससे वातावरण पूरी तरह देश और प्रदेश प्रेम से सराबोर हो गया। दिनभर चले बौद्धिक, सांस्कृतिक और संवाद सत्रों के बाद कार्यक्रम का समापन सामूहिक ‘वंदे मातरम’ के गान के साथ किया गया।
खेल, संवाद और सम्मान का संगम
युवा संगम के दौरान शारीरिक व बौद्धिक सत्र, चर्चा, जिज्ञासा समाधान और खेल गतिविधियां आयोजित की गईं। 26 दिसंबर को आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता के विजेताओं को कार्यक्रम अधिकारी विक्रम कुर्रे, जिला संघचालक डॉ. फिरत राम निराला एवं अन्य अतिथियों द्वारा प्रशस्ति पत्र, शील्ड और पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस आयोजन में सारंगढ़ जिला और रायगढ़ विभाग के संघ कार्यकर्ता, नागरिक व स्वयंसेवक उपस्थित रहे। पूरा कार्यक्रम युवाओं में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक चेतना और संगठनात्मक ऊर्जा का संचार करता नजर आया।



