छत्तीसगढ़

आचार्य चाणक्य स्मृति दिवस पर व्याख्यान, विप्र सम्मान व धार्मिक प्रश्नोत्तरी का आयोजन

रायपुर, 21 जनवरी 2026। वर्ल्ड ब्राह्मण फेडरेशन एवं सर्व युवा ब्राह्मण परिषद द्वारा 18 जनवरी को आचार्य चाणक्य स्मृति दिवस का आयोजन वृन्दावन हॉल, रायपुर में किया गया। कार्यक्रम में आचार्य चाणक्य के जीवन, दर्शन और सिद्धांतों पर व्याख्यान, विप्र सम्मान तथा दर्शकों के लिए धार्मिक प्रश्नोत्तरी का आयोजन हुआ।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथियों में संदीप शर्मा (अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ राज्य खाद्य आयोग), वर्णिका शर्मा (अध्यक्ष, राज्य बाल संरक्षण आयोग), शशांक शर्मा (अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ संस्कृति परिषद), राजेश अग्रवाल (वरिष्ठ समाजसेवी), उमाशंकर व्यास (वरिष्ठ निदेशक, नवभारत प्रेस), प्रभात मिश्र (कार्य परिषद सदस्य, कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता विश्वविद्यालय) और राष्ट्रवादी कवि ईशान शर्मा शामिल रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन तथा सुमन मिश्रा और वीणा मिश्रा द्वारा प्रस्तुत गणेश वंदना से हुआ। मंच से अतिथियों का स्वागत करते हुए प्रदेश अध्यक्ष अरविन्द ओझा ने वर्ल्ड ब्राह्मण फेडरेशन की वर्षभर की गतिविधियों और रचनात्मक कार्यों की जानकारी दी। कार्यक्रम संयोजक अजय अवस्थी ने आचार्य चाणक्य स्मृति दिवस की पृष्ठभूमि, ब्राह्मण समाज की भूमिका और आयोजन के उद्देश्य पर प्रकाश डाला।

मुख्य वक्ता उमाशंकर व्यास ने कहा कि चाणक्य का दर्शन सामाजिक समरसता पर आधारित है और क्षेत्रीयता के नाम पर वैमनस्य फैलाना उचित नहीं है। संदीप शर्मा ने कहा कि चाणक्य ने छोटे-छोटे जनपदों में बंटे भारत को एक सूत्र में पिरोने का सपना देखा था और सांस्कृतिक एकता व अखंड भारत का विचार आज भी प्रासंगिक है। वर्णिका शर्मा ने चाणक्य की नीति ‘साम, दाम, दंड, भेद’ और सशक्त राष्ट्र की अवधारणा को राष्ट्रीय सुरक्षा से जोड़ते हुए उसकी वर्तमान प्रासंगिकता पर बात रखी।

राजेश अग्रवाल ने कहा कि धर्म का अर्थ केवल पूजा पद्धति नहीं, बल्कि कर्तव्य और न्याय है, जो समाज को नैतिक और अनुशासित बनाता है। शशांक शर्मा ने समाज को एक सूत्र में बांधने के लिए चाणक्य दर्शन को आज के समय में अत्यंत आवश्यक बताया। प्रभात मिश्र ने कहा कि जो व्यक्ति अपनी बुद्धि का उपयोग दूसरों के हित में करता है, वह स्वयं जीवन में सफलता प्राप्त करता है। ईशान शर्मा ने सनातन मूल्यों की रक्षा का आह्वान किया।

दर्शकों के लिए आयोजित धार्मिक प्रश्नोत्तरी में गुणानिधि मिश्रा और अरविन्द ओझा ने प्रश्न पूछे। सही उत्तर देने वाले दर्शकों को अतिथियों द्वारा सम्मान पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम के अंत में संगठन पदाधिकारियों ने अतिथियों और विद्वान वक्ताओं को शाल, स्मृति चिन्ह और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष अरविन्द ओझा, महिला अध्यक्ष नमिता शर्मा, राष्ट्रीय महासचिव सुरेश मिश्रा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष गुणानिधि मिश्रा, प्रदेश महासचिव सुनील ओझा, प्रदेश सलाहकार रज्जन अग्निहोत्री, त्रिभुवन नाथ तिवारी, युवा अध्यक्ष अविनय दुबे, प्रदेश उपाध्यक्ष यशवंत पुरोहित, संभागीय अध्यक्ष नितिन कुमार झा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, महिलाएं, युवा और समाजजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन अजय अवस्थी और अरविन्द ओझा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन नमिता शर्मा द्वारा किया गया।

Related Articles

Back to top button