छत्तीसगढ़

जवाहर नगर मंडल के बूथों पर गूंजी पीएम मोदी की ‘मन की बात’

130वें एपिसोड का सामूहिक श्रवण

रायपुर, 26 जनवरी 2026। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर जवाहर नगर मंडल द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 130वें एपिसोड का आयोजन मंडल अंतर्गत विभिन्न बूथों पर किया गया। जवाहर नगर मंडल के मीडिया प्रभारी प्रणीत जैन ने बताया कि यह कार्यक्रम इंदिरा गांधी वार्ड, तात्यापारा वार्ड, अस्पताल वार्ड एवं अब्दुल हमीद वार्ड में उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ।

मंडल के मन की बात कार्यक्रम प्रभारी सोनू राजपूत ने बताया कि इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं आम नागरिकों ने कार्यक्रम का सामूहिक श्रवण किया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों को गणतंत्र दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं दीं और 2026 के पहले एपिसोड में राष्ट्रीय मतदाता दिवस का विशेष उल्लेख करते हुए युवाओं, विशेषकर प्रथम बार मतदान करने वाले मतदाताओं को लोकतंत्र में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि मतदाता ही लोकतंत्र की असली आत्मा हैं और युवाओं को गर्व के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए। उन्होंने संविधान निर्माताओं को भी भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने भारत के तेजी से बढ़ते स्टार्टअप इकोसिस्टम का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत आज दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप हब बन चुका है। उन्होंने एआई (AI) और अंतरिक्ष क्षेत्र में युवाओं द्वारा किए जा रहे नवाचारों की सराहना की। साथ ही भारतीय निर्माताओं से पर्यावरण के अनुकूल उत्पादों को बढ़ावा देने की अपील की।

प्रधानमंत्री ने विदेशों में भारतीय संस्कृति के विस्तार का जिक्र करते हुए मलेशिया में संचालित 500 से अधिक तमिल स्कूलों की सराहना की। इसके अलावा समाज के हर क्षेत्र में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को विकसित भारत की पहचान बताया।

स्वच्छता पर जोर देते हुए प्रधानमंत्री ने इसे जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया और पश्चिम बंगाल के कूच बिहार निवासी बेनॉय दास द्वारा किए गए पर्यावरण संरक्षण प्रयासों की प्रशंसा की। साथ ही स्थानीय विरासत, भाषाओं और परंपराओं को सहेजने पर बल दिया। उत्तर प्रदेश की तमसा नदी के पुनरोद्धार को जनभागीदारी की एक प्रेरक मिसाल बताया।

कार्यक्रम के अंत में प्रधानमंत्री मोदी ने ‘देश प्रथम’ की भावना से कार्य करने का संदेश देते हुए विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के सेवा कार्यों का उल्लेख किया।

इस अवसर पर जवाहर नगर मंडल अध्यक्ष संदीप जंघेल ने कार्यक्रम में उपस्थित भाजपा प्रदेश, जिला, मंडल, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, आयोग-मंडल के सदस्यों, बूथ अध्यक्षों एवं वरिष्ठ पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button