छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव के तहत वित्तीय पारदर्शिता पर कार्यशाला आयोजित

रायपुर, 30 जनवरी 2026 (वीएनएस)। छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव के अंतर्गत वित्त विभाग के लिए 23 से 30 जनवरी का सप्ताह निर्धारित किया गया है। इसी क्रम में क्षेत्रीय कार्यालय छत्तीसगढ़ राज्य संपरीक्षा, रायपुर–II द्वारा स्थानीय निकायों में वित्तीय पारदर्शिता एवं ऑडिट नवाचार विषय पर 29 जनवरी को एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला के दौरान विगत 25 वर्षों में राज्य ऑडिट प्रणाली की प्रगति एवं उपलब्धियों की समीक्षा की गई। साथ ही स्थानीय निकायों में वित्तीय अनुशासन, जवाबदेही और सुशासन को सुदृढ़ करने में ऑडिट की भूमिका पर विस्तृत चर्चा हुई। प्रतिभागियों ने इस बात पर जोर दिया कि प्रभावी ऑडिट व्यवस्था से न केवल वित्तीय अनियमितताओं पर अंकुश लगता है, बल्कि पारदर्शी प्रशासन को भी बढ़ावा मिलता है।
कार्यक्रम में रिस्क बेस्ड ऑडिट और गुणवत्ता आधारित ऑडिट को भविष्य की आवश्यकता बताते हुए आने वाले वर्षों के लिए ऑडिट रोडमैप पर भी मंथन किया गया। वक्ताओं ने आधुनिक तकनीक, डेटा विश्लेषण और नवाचार को ऑडिट प्रक्रिया में शामिल करने की आवश्यकता पर बल दिया।
इस कार्यशाला को राज्य में वित्तीय सुशासन को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है, जो छत्तीसगढ़ के रजत महोत्सव के उद्देश्यों के अनुरूप विकास और पारदर्शिता की भावना को आगे बढ़ाती है।



