छत्तीसगढ़

नशे के अवैध कारोबार पर पुलिस का प्रहार, 14 आरोपी गिरफ्तार

30 लाख का गांजा जब्त

रायपुर, 10 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी और सख्त कार्रवाई की है। डीसीपी क्राइम एवं साइबर की टीम ने अलग–अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए करीब 30 लाख रुपये मूल्य का गांजा जब्त किया है। इस अभियान में कुल 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें कुख्यात हिस्ट्रीशीटर मुकेश बनिया गिरोह से जुड़े दो सदस्य भी शामिल हैं। पुलिस फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।

उरला थाना क्षेत्र से हुई बड़ी बरामदगी
8 फरवरी को एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट को सूचना मिली थी कि उरला थाना क्षेत्र के बेंद्री रोड स्थित नउवा तालाब के पास दो युवक गांजा बेचने की तैयारी में हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए डीसीपी क्राइम एवं साइबर स्मृतिक राजनाला और डीसीपी नॉर्थ जोन मयंक गुर्जर के निर्देश पर एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट और थाना उरला पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर संदीप केसरवानी और राजेश यादव को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके बैग से गांजा बरामद किया गया।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर उरला के राजेन्द्र नगर स्थित किराए के मकान में गांजा छिपाकर रखते हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने उक्त मकान पर रेड कार्रवाई की, जहां दो महिलाओं सहित कुल पांच लोग मौजूद मिले, साथ ही दो विधि से संघर्षरत बालक भी पाए गए। मकान की तलाशी में प्लास्टिक बोरियों और बैगों में रखा भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।

इस प्रकरण में कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 40.446 किलोग्राम गांजा, जिसकी कीमत लगभग 20,22,300 रुपये आंकी गई है, जब्त किया गया। थाना उरला में अपराध क्रमांक 38/26 धारा 20बी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि गांजा ओडिशा से लाकर रायपुर में भंडारण किया जाता था और मांग के अनुसार छत्तीसगढ़ सहित देश के अन्य राज्यों में सप्लाई किया जाता था। मामले में मकान मालिक की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

सिविल लाइन और कोतवाली थाना क्षेत्र में भी कार्रवाई
दूसरे प्रकरण में 8 फरवरी की रात थाना सिविल लाइन क्षेत्र के खजाना चौक के पास निर्माणाधीन भवन के समीप गांजा बिक्री की फिराक में घूम रहे शाहरूख खान और राहुल कुशवाह (निवासी आगरा, उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से 5.699 किलोग्राम गांजा और दो मोबाइल फोन जब्त कर थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 77/26 धारा 20बी एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

तीसरे प्रकरण में 9 फरवरी को थाना कोतवाली क्षेत्र के ओसीएम चौक स्थित पीडब्ल्यूडी ऑफिस के पास दीवार किनारे गांजा बेचने की कोशिश कर रहे ऋषभ ताण्डी उर्फ रिक्की ताण्डी और सौरभ ताण्डी को पुलिस ने गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से करीब 4 किलोग्राम गांजा जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सभी मामलों में गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है और पूरे नशा तस्करी नेटवर्क को तोड़ने के लिए एंड-टू-एंड कार्रवाई की जाएगी। रायपुर पुलिस का नशे के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button