छत्तीसगढ़

अधिकारी की कार से 38 लाख पार, दो आरोपी गिरफ्तार

‘रायपुर में एफसीआई अधिकारी की कार से 38 लाख रुपये पार करने के मामले में पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से पूरी रकम बरामद कर ली गई है।’

रायपुर, 17 फरवरी 2026। राजधानी रायपुर के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में 38 लाख रुपये की उठाईगिरी के मामले में क्राइम ब्रांच और सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नितिन सोनी और तनवीर मोहम्मद के रूप में हुई है।

घटना 16 फरवरी की दोपहर की है। मंदिर हसौद निवासी भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) में पदस्थ अधिकारी ज्ञानप्रकाश पांडेय रजिस्ट्री कराने कलेक्ट्रेट स्थित रजिस्ट्री कार्यालय पहुंचे थे। उन्होंने अपनी कार में 38 लाख रुपये नगद से भरा बैग रखा था। रजिस्ट्री का कार्य पूरा कर जब वे वापस लौटे तो कार से नगदी भरा बैग गायब मिला।

पीड़ित अधिकारी ने तत्काल सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्धों की तलाश शुरू की। संयुक्त टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से उठाईगिरी की पूरी रकम बरामद कर ली है। मामले में विस्तृत खुलासा करने के लिए पुलिस द्वारा आज दोपहर दो बजे प्रेसवार्ता आयोजित की जाएगी।

Related Articles

Back to top button