छत्तीसगढ़

कट्टे की नोक पर लूट: ग्रामीणों ने दो बदमाशों को किया पुलिस के हवाले

कवर्धा जिले में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पिपरिया थाना क्षेत्र में चार बदमाशों ने दिनदहाड़े एक ग्रामीण दंपत्ति को कट्टे की नोक पर लूट लिया। हालांकि ग्रामीणों की सतर्कता से दो आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया गया…

कवर्धा, 17 फरवरी 2026। पिपरिया थाना क्षेत्र के लखनपुर और सेमो गांव के बीच सोमवार को चार अज्ञात बदमाशों ने मोटरसाइकिल सवार ग्रामीण दंपत्ति को निशाना बनाया। जानकारी के मुताबिक दंपत्ति अपने वाहन से गुजर रहे थे, तभी दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार आरोपियों ने सुनसान रास्ते पर उन्हें घेर लिया।

आरोपियों ने पति को देशी कट्टा दिखाकर धमकाया और महिला के गले से सोने की चेन तथा कान की बालियां उतरवा लीं। अचानक हुई इस वारदात से दंपत्ति घबरा गए और आरोपी लूटपाट कर फरार होने लगे।

इसी दौरान आसपास के ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए बदमाशों का पीछा किया। पीछा करने के दौरान दो आरोपी मोटरसाइकिल से फिसलकर गिर पड़े, जिन्हें ग्रामीणों ने पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने दोनों की पिटाई कर उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया। अन्य दो आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर पहले भी संदिग्ध गतिविधियां देखी गई हैं, लेकिन पर्याप्त पुलिस गश्त नहीं होने से अपराधियों के हौसले बढ़े हुए हैं।

पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button