मछली की जगह जाल में फंसा मगरमच्छ, मचा गया हड़कंप

बलौदाबाजार, 18 फरवरी 2026। बलौदाबाजार जिले के वनांचल क्षेत्र बार नवापारा अंतर्गत ग्राम हरदी में उस समय हड़कंप मच गया, जब मछली पकड़ने गए ग्रामीणों के जाल में अचानक एक मगरमच्छ फंस गया। आबादी क्षेत्र के निस्तार तालाब में मगर दिखाई देने से ग्रामीण हैरान रह गए, लेकिन उन्होंने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत वन विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर मगरमच्छ को सुरक्षित बाहर निकाला। वनमंडलाधिकारी गणवीर धम्मशील के मार्गदर्शन में अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया गया। इसके बाद मगरमच्छ की प्राथमिक स्वास्थ्य जांच की गई।
विशेषज्ञों की सलाह पर मगर को सुरक्षित प्राकृतिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए जंगल सफारी नवा रायपुर में छोड़ दिया गया, जहां उसे अनुकूल आवास मिल सके।
वन विभाग ने इस दौरान ग्रामीणों की सतर्कता और सहयोग की सराहना की। अधिकारियों ने कहा कि वन्यजीव संरक्षण में स्थानीय समुदाय की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है।
डीएफओ ने दी जानकारी
डीएफओ गणवीर धम्मशील ने बताया कि कुछ वर्ष पहले बार नवापारा क्षेत्र में प्रस्तावित क्रोकोडाइल पार्क के लिए मगरमच्छ लाए गए थे। संभावना है कि उनमें से कुछ अंडों से निकले छोटे मगरमच्छ आसपास के जल स्रोतों तक पहुंच गए हों और अब बड़े होने के बाद तालाब में दिखाई दे रहे हों।
गांव के तालाब में पहली बार मगरमच्छ मिलने की घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।



