छत्तीसगढ़ को विश्वस्तरीय रेल नेटवर्क से जोड़ने की पहल, सांसद बृजमोहन ने रखे कई प्रस्ताव

रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक कर छत्तीसगढ़ में आधुनिक और सुविधाजनक रेल सेवाओं के विस्तार की दिशा में अहम कदम उठाया। बैठक में नई वंदे भारत ट्रेनों, स्टेशन उन्नयन और यातायात दबाव कम करने के लिए अंडरब्रिज निर्माण सहित कई प्रस्ताव रखे गए…
रायपुर, 18 फरवरी 2026। रायपुर सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने मंगलवार को रायपुर डीआरएम कार्यालय में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अधिकारियों और क्षेत्रीय सांसदों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ देश के अग्रणी रेल राजस्व देने वाले राज्यों में शामिल है, इसलिए प्रदेश को आधुनिक, सुरक्षित और समयबद्ध रेल सुविधाएं मिलना उसका अधिकार है।
नई ट्रेनों के प्रस्ताव
सांसद अग्रवाल ने यात्रियों की सुविधा के लिए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे, जिनमें प्रमुख रूप से—
रायपुर–दिल्ली स्लीपर कोच युक्त वंदे भारत ट्रेन
बिलासपुर–रायपुर–पुरी वंदे भारत
रायपुर–जबलपुर वंदे भारत
दुर्ग–अंबिकापुर वंदे भारत
बिलासपुर–गोवा सीधी ट्रेन
बिलासपुर–नाथद्वारा सीधी ट्रेन
इसके अलावा समता एक्सप्रेस को हरिद्वार तक विस्तार, जम्मूतवी एक्सप्रेस को अमृतसर मार्ग से संचालित करने, भगत की कोठी ट्रेन को प्रतिदिन चलाने और दल्लीराजहरा–दुर्ग ट्रेन को दैनिक सेवा में परिवर्तित करने का सुझाव दिया गया। मुंबई–नागपुर एवं नागपुर–पुणे ट्रेनों को बिलासपुर तक विस्तार देने की योजना बनाने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि आवश्यकता पड़ने पर वे स्वयं रेल मंत्री और रेलवे बोर्ड से मुलाकात कर प्रस्तावों की स्वीकृति सुनिश्चित करेंगे।
स्टेशन विकास और अधोसंरचना
सांसद ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत रायपुर, दुर्ग सहित अन्य स्टेशनों पर धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
सरोना, मंदिर हसौद और WRS स्टेशनों को भविष्य के नए जंक्शन के रूप में विकसित करने, रायपुर के मंडी गेट, कचना और जोरा में प्रस्तावित अंडरपास की ऊंचाई और चौड़ाई बढ़ाने का प्रस्ताव रखा गया। साथ ही सरोना, भिलाई, हथबंद और निपनिया स्टेशनों के निर्माण कार्य अप्रैल–जून तक पूर्ण करने की समय-सीमा तय की गई।
बस्तर और यात्री सुविधाओं पर जोर
बस्तर अंचल की उपेक्षा पर चिंता व्यक्त करते हुए सांसद ने जगदलपुर–दुर्ग रेल सेवा पुनः प्रारंभ करने और भूमि देने वाले प्रभावित परिवारों को रोजगार देने का मुद्दा उठाया।
रायपुर, दुर्ग, भिलाई, बिलासपुर और राजनांदगांव स्टेशनों पर एम्बुलेंस और डॉक्टर तैनात करने, महिला स्व-सहायता समूहों के माध्यम से ‘गढ़ कलेवा’ केंद्र शुरू करने, पोस्ट ऑफिस आधारित टिकट सुविधा और ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीनों की संख्या बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में अन्य जनप्रतिनिधियों और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति रही। सांसद अग्रवाल ने दो टूक कहा कि “रैक की कमी या व्यावसायिक घाटे का बहाना बनाकर छत्तीसगढ़ की जनता को सुविधाओं से वंचित नहीं किया जा सकता।”



