रविवि के कन्या छात्रावास में दूषित पानी से फैला पीलिया, दो छात्राएं एम्स में भर्ती

रायपुर, 20 फरवरी 2026। पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के नवीन कन्या छात्रावास में दूषित पेयजल के कारण एक दर्जन से अधिक छात्राएं पीलिया (जॉन्डिस) से ग्रसित हो गई हैं। इनमें से दो छात्राओं की तबीयत अधिक बिगड़ने पर उन्हें एम्स रायपुर में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार मूल विज्ञान केंद्र की कई छात्राएं पिछले कुछ दिनों से उल्टी, कमजोरी और पीलिया जैसे लक्षणों से पीड़ित थीं। चिकित्सकीय जांच के बाद संक्रमण की पुष्टि हुई, जिसके बाद प्रभावित छात्राओं का उपचार शुरू किया गया। संक्रमण फैलने की आशंका को देखते हुए छात्रावास की कई छात्राएं एहतियातन अपने घर लौट गई हैं।
छात्राओं ने आरोप लगाया है कि छात्रावास में लंबे समय से पेयजल की गुणवत्ता को लेकर शिकायतें की जा रही थीं, लेकिन नियमित सफाई और तकनीकी जांच नहीं कराई गई। वाटर कूलरों की समय पर सफाई और पानी की जांच नहीं होने से संक्रमण फैलने की आशंका जताई जा रही है। उनका कहना है कि पानी में बदबू और रंग परिवर्तन की शिकायतें पहले भी सामने आई थीं, लेकिन प्रबंधन ने इसे गंभीरता से नहीं लिया।
फिलहाल विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार है।



