राष्ट्रीय

नक्सली महासचिव देवजी ने तेलंगाना में किया आत्मसमर्पण…

हैदराबाद, 22 फरवरी 2026। प्रतिबंधित नक्सली संगठन के कथित महासचिव टिप्पिरी तिरुपति उर्फ देवजी के तेलंगाना पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण करने की खबर सामने आई है। सूत्रों के अनुसार, देवजी ने अपने साथी केंद्रीय समिति सदस्य (सीसीएम) संग्राम के साथ हथियार डाल दिए हैं। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

बताया जा रहा है कि देवजी को कुछ महीने पहले ही संगठन का महासचिव बनाया गया था। इससे पहले पूर्व महासचिव नम्बाला केशव राव उर्फ बसवराजू मई 2025 में छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बलों की कार्रवाई में मारे गए थे। यदि देवजी के आत्मसमर्पण की पुष्टि होती है, तो एक वर्ष के भीतर दूसरी बार संगठन शीर्ष नेतृत्व विहीन हो सकता है।

सूत्रों का यह भी कहना है कि देवजी के साथ कई सशस्त्र कैडरों के भी आत्मसमर्पण की संभावना है। हालांकि, इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

गौरतलब है कि 19 नवंबर 2025 को एक बड़े इनामी नक्सली माडवी हिड़मा के मारे जाने के बाद देवजी के भी मुठभेड़ में ढेर होने की खबरें सामने आई थीं। छत्तीसगढ़-आंध्रप्रदेश सीमा पर मारेडुमिल्ली के जंगलों में हुई मुठभेड़ में पोलित ब्यूरो सदस्य और महासचिव देवजी सहित सात नक्सलियों के मारे जाने की चर्चा हुई थी, लेकिन उसकी भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी थी।

वर्ष 2025 से अब तक देवजी के मारे जाने या आत्मसमर्पण करने की खबरें बीच-बीच में सामने आती रही हैं। फिलहाल, तेलंगाना पुलिस की आधिकारिक घोषणा के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

Related Articles

Back to top button