छत्तीसगढ़

बजट 2026-27 ‘विकसित छत्तीसगढ़’ की दिशा में अहम कदम : सतीश जैन

मर्चेंट एसोसिएशन ने किया बजट का स्वागत

रायपुर, 24 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ विधानसभा में मंगलवार को प्रस्तुत बजट का व्यापारिक संगठनों ने स्वागत किया है। मर्चेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष सतीश कुमार जैन ने इसे “विकसित छत्तीसगढ़ का बजट” बताते हुए राज्य के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम करार दिया।

उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा पेश किया गया यह तीसरा बजट प्रदेश के सभी वर्गों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि बजट में संतुलित विकास की झलक स्पष्ट दिखाई देती है।

युवाओं के लिए विशेष प्रावधान
सतीश जैन ने बताया कि युवा वर्ग को सशक्त बनाने के लिए मेगा परीक्षा केंद्र की स्थापना, करियर काउंसलिंग के लिए 10 करोड़ रुपये का प्रावधान और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता देने की घोषणा सराहनीय है। इससे प्रदेश के युवाओं को बेहतर अवसर मिलेंगे और वे प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर सकेंगे।

स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ी पहल
जैन ने रायपुर में पहले होम्योपैथिक अस्पताल की घोषणा को भी ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि इससे राजधानी सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को वैकल्पिक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होगी और स्वास्थ्य सेवाओं का दायरा विस्तृत होगा।

व्यापार और उद्योग को मिलेगा प्रोत्साहन
उन्होंने विश्वास जताया कि बजट में उद्योग और अधोसंरचना पर दिया गया जोर प्रदेश में निवेश को बढ़ावा देगा, जिससे व्यापारिक गतिविधियां मजबूत होंगी और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

Related Articles

Back to top button