‘इक्कीस’ का ग्लोबल प्रीमियर, 200 देशों में स्ट्रीम होगी अरुण खेत्रपाल की वीरगाथा

मुंबई, 26 फरवरी 2026। नेशनल अवॉर्ड विजेता निर्देशक श्रीराम राघवन के निर्देशन में बनी बायोग्राफिकल वॉर ड्रामा इक्कीस का एक्सक्लूसिव ग्लोबल प्रीमियर ओटीटी प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो पर कर दिया गया है। फिल्म अब भारत सहित दुनिया भर के 200 से अधिक देशों और क्षेत्रों में स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध है।
https://www.instagram.com/p/DVMPIsJk6WH/?igsh=MWJsdWE3OTNxZWgybA==
मैडॉक फिल्म्स के बैनर तले बनी इस फिल्म को दिनेश विजन ने प्रोड्यूस किया है, जबकि बिन्नी पड्डा को-प्रोड्यूसर हैं।
अरुण खेत्रपाल की असाधारण कहानी
‘इक्कीस’ भारत के सबसे कम उम्र के परमवीर चक्र विजेता अरुण खेत्रपाल की सच्ची कहानी से प्रेरित है। सेकंड लेफ्टिनेंट अरुण खेत्रपाल ने 1971 के भारत-पाक युद्ध के दौरान बसंतर की लड़ाई में अदम्य साहस का परिचय दिया था और मात्र 21 वर्ष की आयु में मरणोपरांत देश का सर्वोच्च सैन्य सम्मान प्राप्त किया।
फिल्म में युवा अरुण खेत्रपाल की भूमिका अगस्त्य नंदा ने निभाई है। वहीं दिवंगत धर्मेंद्र अपनी आखिरी ऑन-स्क्रीन उपस्थिति में ब्रिगेडियर खेत्रपाल के भावुक किरदार में नजर आते हैं। फिल्म में जयदीप अहलावत, सिमर भाटिया और राहुल देव भी अहम भूमिकाओं में हैं।
युद्ध से आगे की भावनात्मक यात्रा
फिल्म की कहानी युद्धभूमि और उसके बाद के भावनात्मक असर के बीच घूमती है। यह सिर्फ एक वॉर ड्रामा नहीं, बल्कि एक पिता के दर्द, यादों और उस खामोशी की कहानी भी है जिसमें वह अपने बेटे के बलिदान को समझने की कोशिश करता है।
‘इक्कीस’ बहादुरी, इंसानियत, युद्ध की त्रासदी और विभाजन के जख्मों जैसे गहरे विषयों को संवेदनशीलता से प्रस्तुत करती है। यह फिल्म वीरता को सलाम करने के साथ-साथ उस कीमत को भी सामने लाती है, जो एक पूरी पीढ़ी को चुकानी पड़ती है।
भव्य प्रस्तुति और भावनात्मक गहराई के साथ ‘इक्कीस’ अब वैश्विक दर्शकों के लिए उपलब्ध है, जो भारतीय सेना के इतिहास की एक प्रेरक गाथा को बड़े पैमाने पर दुनिया तक पहुंचा रही है।



