राष्ट्रीय

अनिल अंबानी से जुड़े ठिकानों पर ईडी की छापेमारी

मुंबई, 6 मार्च 2026। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने रिलायंस समूह के चेयरमैन अनिल अंबानी से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की कार्रवाई शुरू की है। मुंबई और हैदराबाद समेत करीब 10 से 12 स्थानों पर ईडी की लगभग 15 टीमें जांच कर रही हैं। यह कार्रवाई रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड (आरकॉम) से जुड़े बैंक धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में की जा रही है।

सूत्रों के मुताबिक, जांच एजेंसी Reliance Power और उससे जुड़े लोगों के ठिकानों पर तलाशी ले रही है। इससे पहले ईडी ने 25 फरवरी को Reliance Communications से जुड़े मामले में मुंबई के पाली हिल स्थित अनिल अंबानी के आवास ‘अबोड’ को अस्थायी रूप से कुर्क किया था। इस संपत्ति की अनुमानित कीमत 3,716.83 करोड़ रुपए बताई गई है। अब तक इस समूह से जुड़ी 15,700 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्तियां कुर्क की जा चुकी हैं।

ईडी की यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 के तहत की गई है। जांच में सामने आया है कि आरकॉम और उसकी समूह कंपनियों ने घरेलू और विदेशी बैंकों से भारी कर्ज लिया था, जिसमें से करीब 40,185 करोड़ रुपए अभी भी बकाया हैं और कई खाते एनपीए घोषित हो चुके हैं।

जांच एजेंसी के अनुसार, पाली हिल की संपत्ति को एक निजी पारिवारिक ट्रस्ट में ट्रांसफर कर दिया गया था, जो अंबानी परिवार से जुड़ा है। ईडी का मानना है कि ऐसा करने का उद्देश्य संपत्ति को व्यक्तिगत देनदारियों से बचाना और बैंकों के कर्ज से सुरक्षित रखना था। मामले में आगे की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button