मनोरंजन

ब्रिटिश दौर के भीषण अकाल पर आधारित है ‘राणाबाली’, सामने आई कहानी…

मुंबई, 10 मार्च 2026। अभिनेता विजय देवरकोंडा की आगामी फिल्म राणाबाली को लेकर नई जानकारी सामने आई है। माइथ्री मूवी मेकर्स द्वारा बनाई जा रही यह फिल्म एक ऐतिहासिक ड्रामा है, जिसकी कहानी ब्रिटिश शासनकाल के दौरान पड़े भीषण अकाल और उससे जुड़े संघर्षों पर आधारित बताई जा रही है।

फिल्म की पहली झलक सामने आने के बाद दर्शकों में इसे लेकर उत्साह बढ़ गया है। बताया जा रहा है कि फिल्म गुलाम भारत के दौर की उन घटनाओं को बड़े पर्दे पर लाएगी, जिन पर इतिहास में कम चर्चा हुई है। इसमें एक ऐसे गुमनाम नायक की कहानी दिखाई जाएगी, जिसने कठिन समय में लोगों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया।

मेकर्स के अनुसार फिल्म का बैकड्रॉप 1876 से 1878 के बीच पड़े भीषण अकाल से जुड़ा है, जिसे भारतीय इतिहास के सबसे त्रासद अध्यायों में गिना जाता है। उस समय दक्षिण भारत के रायलसीमा क्षेत्र में सूखे और ब्रिटिश नीतियों के कारण लाखों लोगों की जान चली गई थी। इतिहासकारों के मुताबिक उस दौर में पूरे भारत में करोड़ों लोग अकाल का शिकार हुए थे।

बताया जाता है कि उस समय ब्रिटिश अधिकारी रिचर्ड टेम्पल ने खर्च कम करने के लिए राहत शिविरों में राशन तक घटा दिया था, जबकि दूसरी ओर अनाज का निर्यात जारी रहा। इस कारण हालात और भयावह हो गए।

फिल्म की कहानी उसी दौर में शुरू हुए छोटे-बड़े विद्रोहों को भी दिखाएगी, जब अकाल से परेशान लोगों ने अनाज के भंडारों पर कब्जा किया और भारी करों का विरोध किया। हालांकि ब्रिटिश रिकॉर्ड में इन विद्रोहियों को अपराधी बताया गया, लेकिन स्थानीय लोककथाओं में उन्हें आज भी नायकों के रूप में याद किया जाता है।

इस फिल्म का निर्देशन राहुल सांकृत्यान कर रहे हैं। फिल्म में विजय देवरकोंडा के साथ रश्मिका मंदाना मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। दोनों कलाकार इससे पहले भी साथ काम कर चुके हैं और उनकी जोड़ी को दर्शकों ने काफी पसंद किया है।

माइथ्री मूवी मेकर्स के साथ टी-सीरीज के सहयोग से बन रही इस फिल्म का निर्माण वाई. रवि शंकर और नवीन यरनेनी कर रहे हैं। फिल्म में अंतरराष्ट्रीय अभिनेता अर्नोल्ड वोस्लू भी अहम भूमिका में दिखाई देंगे।

ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर आधारित यह फिल्म 11 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है।

Related Articles

Back to top button