छत्तीसगढ़

बस्तर में बड़ा सरेंडर: 108 माओवादी आज जगदलपुर में डालेंगे हथियार

करोड़ों नकद और सोना भी जब्त

रायपुर, 11 मार्च 2026। बस्तर संभाग में नक्सलवाद के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच आज एक बड़ा घटनाक्रम सामने आ रहा है। उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने जानकारी दी है कि 108 माओवादी आज जगदलपुर में सरकार के सामने हथियारों सहित आत्मसमर्पण करेंगे।

गृहमंत्री ने सदन में बताया कि सुरक्षा एजेंसियों की कार्रवाई के दौरान माओवादियों से 3 करोड़ 61 लाख रुपये नकद और करीब 1 किलो सोना भी जब्त किया गया है। यह आत्मसमर्पण कार्यक्रम दोपहर करीब 2 बजे शौर्य भवन, लालबाग में आयोजित किया जाएगा, जहां नक्सली औपचारिक रूप से हथियार डालेंगे।

जानकारी के अनुसार दक्षिण बस्तर डिविजनल कमेटी (DKSZC) से जुड़े 108 माओवादी (नक्सली कैडर) आत्मसमर्पण करने जा रहे हैं। ये सभी लंबे समय से बस्तर के विभिन्न इलाकों में सक्रिय थे। लगातार चल रहे सुरक्षा अभियानों और सरकार की पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर उन्होंने मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया है।

सरेंडर कार्यक्रम में पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। आत्मसमर्पण के बाद इन नक्सलियों को सरकार की पुनर्वास नीति के तहत सहायता और अन्य सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। प्रशासन का कहना है कि जो भी नक्सली हिंसा का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटना चाहते हैं, उन्हें हर संभव सहयोग दिया जाएगा। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में नक्सलियों का आत्मसमर्पण सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है।

इसी दौरान गृहमंत्री विजय शर्मा ने यह भी कहा कि राज्य में सशस्त्र नक्सलवाद के खात्मे के लिए 31 मार्च 2026 की समयसीमा तय की गई है। उन्होंने बताया कि 31 मार्च 2027 तक बस्तर क्षेत्र में तैनात अधिकांश केंद्रीय बलों को वापस बुलाने की प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है।

विधानसभा में विभागीय अनुदान मांगों पर चर्चा के दौरान उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए पुलिस विभाग के मुख्य बजट में कुल 7,721.01 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

Related Articles

Back to top button