छत्तीसगढ़

सवर्ण समाज की महापंचायत: UGC रेगुलेशन और EWS पर सौंपा जाएगा ज्ञापन

कवर्धा, 11 मार्च 2026। कवर्धा में 15 मार्च को सवर्ण समाज की महापंचायत आयोजित की जाएगी। यह कार्यक्रम सवर्ण एकता मंच के बैनर तले आयोजित होगा, जिसकी तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

हाल ही में सवर्ण एकता मंच की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित कर महापंचायत की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई। मंच से जुड़े पदाधिकारियों ने बताया कि जिले के 13 सवर्ण समाज इस मंच से जुड़े हुए हैं और सभी संगठनों की सहमति से महापंचायत आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।

बैठक में विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने यूजीसी रेगुलेशन 2026 पर चिंता जताते हुए इसे सवर्ण समाज के विद्यार्थियों के भविष्य के लिए प्रतिकूल बताया। संगठनों ने एकमत से इस रेगुलेशन को वापस लेने और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) आरक्षण को प्रभावी रूप से लागू करने की मांग उठाई। इसी मांग को लेकर महापंचायत के माध्यम से ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया है।

सवर्ण एकता मंच के पदाधिकारियों ने बताया कि महापंचायत का उद्देश्य सवर्ण समाज की एकता को मजबूत करना और विद्यार्थियों के अधिकारों के लिए आवाज बुलंद करना है। कार्यक्रम के लिए मुख्य नारा “ठाकुर, ब्राह्मण, लाला, बनिया, मिलकर बदलो अपनी दुनिया” रखा गया है।

बैठक में सवर्ण समाज के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी, मंच के सदस्य और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। आयोजकों ने समाज के सभी लोगों से महापंचायत को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।

Related Articles

Back to top button