सदन में मंत्री की घोषणा : स्वास्थ्य विभाग में खत्म होगा अटैचमेंट…

रायपुर, 12 मार्च 2026। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के दौरान प्रश्नकाल में स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने बड़ा ऐलान किया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग में किए गए सभी अटैचमेंट (संलग्नीकरण) को समाप्त करने की घोषणा करते हुए कहा कि इस फैसले को 15 दिनों के भीतर लागू किया जाएगा।
यह मुद्दा विधायक प्रबोध मिंज ने उठाया। उन्होंने उत्तर छत्तीसगढ़ के दूरस्थ वनांचल और ग्रामीण क्षेत्रों के अस्पतालों में डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ की भारी कमी का मामला सदन में रखा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पदस्थ किए गए कई डॉक्टर और कर्मचारी कुछ ही समय बाद अटैचमेंट के जरिए शहरों में पहुंच जाते हैं, जिससे गांवों के अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं।
विधायक मिंज ने सरकार से पूछा कि संलग्नीकरण की नीति क्या है और किन परिस्थितियों में अटैचमेंट किया जाता है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि क्या अटैचमेंट जनता की सुविधा के लिए किया जाता है या फिर प्रभावशाली लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए।
इस पर जवाब देते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने कहा कि विभाग में किए गए सभी अटैचमेंट की समीक्षा कराई जाएगी और जो भी नियम विरुद्ध पाए जाएंगे, उन्हें समाप्त किया जाएगा। उन्होंने सदन में घोषणा करते हुए कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC), सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) और जिला अस्पतालों में किए गए गैर-जरूरी अटैचमेंट तत्काल प्रभाव से खत्म किए जाएंगे।
मंत्री ने आश्वासन दिया कि इस निर्णय को जल्द से जल्द लागू किया जाएगा, ताकि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के अस्पतालों में डॉक्टरों और कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।
प्रश्न के लिखित उत्तर में मंत्री ने बताया कि संबंधित जानकारी विधानसभा पुस्तकालय में उपलब्ध प्रपत्रों में रखी गई है। साथ ही रिक्त पदों की भर्ती को एक सतत प्रक्रिया बताते हुए कहा कि इसकी निश्चित समय-सीमा बताना संभव नहीं है।



