‘सुबेदार’ में अभिनय के लिए फैसल मलिक की सराहना, TVF ने दी बधाई

मुंबई, 13 मार्च 2026। डिजिटल कंटेंट प्लेटफॉर्म The Viral Fever (TVF) ने अभिनेता फैसल मलिक को फिल्म ‘सुबेदार’ में उनके शानदार अभिनय के लिए बधाई दी है। टीवीएफ ने कहा कि यह कलाकारों को मंच देने और नए टैलेंट को पहचान दिलाने की उसकी परंपरा का ही हिस्सा है।
टीवीएफ लंबे समय से डिजिटल स्पेस में दमदार कहानियों और नए कलाकारों को मौका देने के लिए जाना जाता है। इस प्लेटफॉर्म ने कई कलाकारों को पहचान दिलाई है, जिनमें अभिषेक बनर्जी, जितेंद्र कुमार, आदर्श गौरव और नवीन कस्तूरिया जैसे नाम शामिल हैं।
इसी कड़ी में फैसल मलिक ने भी टीवीएफ की लोकप्रिय वेब सीरीज पंचायत से दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई। इस सीरीज में उनके किरदार को काफी सराहना मिली और उनकी सादगी भरी अभिनय शैली ने दर्शकों का दिल जीत लिया।
‘पंचायत’ के बाद अब फिल्म ‘सुबेदार’ में उनके अभिनय की खूब तारीफ हो रही है। दर्शकों का कहना है कि उन्होंने अपने किरदार को बेहद ईमानदारी और भावनात्मक गहराई के साथ निभाया है। उनकी सहज अदाकारी ने फिल्म में उनके किरदार को खास बना दिया है।
फैसल मलिक का सफर इस बात का उदाहरण माना जा रहा है कि सही मंच और अवसर मिलने पर कलाकार किस तरह अपनी पहचान बना सकता है। टीवीएफ लगातार ऐसे कलाकारों को सामने लाने का काम कर रहा है, जो आगे चलकर इंडस्ट्री में अपनी अलग जगह बना रहे हैं।



