छत्तीसगढ़

नपं अध्यक्ष की उपस्थिति में 40 लाख के विकास कार्यों का भूमिपूजन

भटगांव में तालाबों को जोड़ने की योजना शुरू

भटगांव, 13 मार्च 2026। बिलाईगढ़ क्षेत्र के नगर पंचायत भटगांव में 40 लाख रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास और निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष विक्रम कुर्रे, उपाध्यक्ष प्रदीप देवांगन और पार्षदों की मौजूदगी में यह कार्यक्रम संपन्न हुआ।

भूमिपूजन के तहत सहकारी बैंक के सामने सीसी रोड निर्माण, बन्दारी रोड में पेपर ब्लॉक बिछाने तथा अड़बन्धा तालाब को अन्य तालाबों से जोड़ने के लिए स्लू गेट पुलिया निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं। इन परियोजनाओं का उद्देश्य नगर में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना और किसानों को सिंचाई के लिए बेहतर जल व्यवस्था उपलब्ध कराना है।

नगर का सबसे बड़ा तालाब अड़बन्धा तालाब किसानों के लिए जीवनदायिनी माना जाता है। यहां खेतों की सिंचाई के लिए पानी संग्रहित किया जाता है और गर्मी के दिनों में भी निस्तारी के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध रहता है। योजना के तहत नगर के करीब 20 से 25 तालाबों को अड़बन्धा तालाब से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे सैकड़ों किसानों को फसल सिंचाई के लिए पानी मिल सकेगा।

स्थानीय किसानों की यह मांग कई वर्षों से लंबित थी। अब इस योजना के शुरू होने से किसानों में उम्मीद जगी है कि आने वाले समय में सिंचाई व्यवस्था मजबूत होगी और खेती को भी फायदा मिलेगा।

विकास कार्यों के भूमिपूजन से नगर में खुशी का माहौल है और लोगों ने इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया है।

Related Articles

Back to top button