राज्यसभा चुनाव में क्रॉस-वोटिंग, कांग्रेस ने 3 विधायकों को निलंबित किया

भुवनेश्वर, 18 मार्च 2026। ओडिशा में राज्यसभा चुनाव के दौरान क्रॉस-वोटिंग के मामले में कांग्रेस ने अपने तीन विधायक सोफिया फिरदौस, रमेश जेना और दसरथी गोमांगो को पार्टी से निलंबित कर दिया है। पार्टी ने यह कार्रवाई “पार्टी विरोधी गतिविधियों” के चलते की है।
दरअसल, ओडिशा विधानसभा में कांग्रेस के 14 विधायक हैं और पार्टी ने चौथी राज्यसभा सीट के लिए बीजेडी उम्मीदवार दत्तेश्वर होता को समर्थन दिया था। लेकिन बीजेडी और कांग्रेस के कुछ विधायकों की क्रॉस-वोटिंग के कारण बीजेपी समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार दिलीप रे ने यह सीट जीत ली। इस क्रॉस-वोटिंग के चलते विपक्ष को नुकसान हुआ। राज्यसभा चुनाव में बीजेपी को दो सीटें मिलीं, जबकि एक सीट निर्दलीय उम्मीदवार दिलीप रे के खाते में गई। बीजेडी को भी एक सीट मिली।
ततकाल प्रभाव से विधायक निलंबित
ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया चेयरमैन अरबिंद दास ने बताया कि इन तीनों विधायकों ने पार्टी के निर्देश के खिलाफ जाकर बीजेपी समर्थित उम्मीदवार के पक्ष में वोट दिया, जिसके कारण उन्हें तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। इस चुनाव में बीजेपी के मनमोहन सामल और सुजीत कुमार, बीजेडी के संत्रुप्त मिश्रा और निर्दलीय दिलीप रे राज्यसभा के लिए चुने गए हैं।
उधर, बिहार में भी राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस और आरजेडी विधायकों के मतदान से दूर रहने का फायदा एनडीए को मिला। एनडीए ने बिहार की सभी पांच सीटें जीत लीं। देश के 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव हुए थे। इनमें से 26 उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके थे, जबकि बाकी 11 सीटों पर मतदान कराया गया।



