मनोरंजन

भारत के स्वर्ण युग की गाथा को बड़े पर्दे पर लाने की तैयारी है : भरत कृष्णमाचारी

मुंबई, 18 मार्च 2026। अभिनेता निखिल सिद्धार्थ की आगामी फिल्म स्वयंभू इन दिनों जबरदस्त चर्चा में है। फिल्म के निर्देशक भरत कृष्णमाचारी ने स्वयंभू के पीछे का विजन साझा करते हुए बताया कि यह फिल्म भारत के उस स्वर्णिम दौर को दर्शाने का प्रयास है, जब देश एक वैश्विक महाशक्ति के रूप में स्थापित था। उन्होंने कहा कि उस समय भारत की नौसैनिक शक्ति मजबूत थी और देश का व्यापार चीन, रोम और ग्रीस जैसे देशों तक फैला हुआ था।

टीज़र रिलीज के बाद से ही फिल्म ने दर्शकों के बीच खास जगह बना ली है। भव्य विजुअल्स, दमदार एक्शन और प्रभावशाली बैकग्राउंड म्यूजिक के चलते टीज़र को अब तक लाखों दर्शकों का शानदार रिस्पॉन्स मिल चुका है।

भरत कृष्णमाचारी के अनुसार, फिल्म का उद्देश्य दर्शकों को भारत की समृद्ध विरासत, सांस्कृतिक गौरव और ऐतिहासिक शक्ति से परिचित कराना है। फिल्म की कहानी में ‘सेंगोल’ जैसे प्रतीकों के माध्यम से परंपरा और सम्मान की झलक दिखाई गई है।

होली के अवसर पर फिल्म का पहला पोस्टर भी जारी किया गया, जिसमें निखिल सिद्धार्थ एक दमदार और अलग अवतार में नजर आए। रंगों से सजे इस पोस्टर ने दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है। माना जा रहा है कि फिल्म का पहला गाना भी जल्द रिलीज होगा, जो एक हाई-एनर्जी ट्रैक हो सकता है।

फिल्म में तकनीकी स्तर पर भी मजबूत टीम काम कर रही है। संगीत का जिम्मा रवि बसरूर संभाल रहे हैं, जबकि सिनेमैटोग्राफी के.के. सेंथिल कुमार द्वारा की जा रही है। एडिटिंग तम्मीराजू कर रहे हैं। लगभग 170 दिनों की लंबी शूटिंग के साथ यह फिल्म बड़े बजट की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में शामिल है।

पिक्सेल स्टूडियोज के बैनर तले बनी स्वयंभू साल 2026 की गर्मियों में सिनेमाघरों में रिलीज होगी। दर्शकों को इस फिल्म से एक भव्य ऐतिहासिक अनुभव की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button