हस्तशिल्प विभाग का पोर्टल खराब होने से शिल्पकार का आवेदन अटका…
राष्ट्रीय हस्तशिल्प पुरस्कार के लिए नहीं भर पा रहे फॉर्म, आयुक्त को भेजा नोटिस

भिलाई, 26 मार्च 2026। राष्ट्रीय हस्तशिल्प पुरस्कार 2025 के लिए आवेदन प्रक्रिया के बीच तकनीकी समस्या ने एक शिल्पकार की राह रोक दी है। भिलाई निवासी शिल्पकार ललित कुमार दुबे ने इस संबंध में विकास आयुक्त (हस्तशिल्प), नई दिल्ली को नोटिस भेजकर हस्तक्षेप की मांग की है।
नोटिस में बताया गया है कि उनका कारीगर पहचान पत्र (Artisan ID) अपडेट नहीं हो पा रहा है। इसके चलते वे हस्तशिल्प विभाग के आधिकारिक पोर्टल में लॉगिन करने में असमर्थ हैं। कई प्रयासों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से वे आवेदन प्रक्रिया पूरी नहीं कर पा रहे हैं।
ललित दुबे ने उल्लेख किया है कि वे राष्ट्रीय हस्तशिल्प पुरस्कार 2025 के लिए पात्र हैं और आवेदन करना चाहते हैं, लेकिन तकनीकी खामी के कारण वंचित होने की स्थिति बन रही है। उन्होंने विभाग से शीघ्र समस्या दूर कर पोर्टल एक्सेस उपलब्ध कराने की मांग की है।
गौरतलब है कि आवेदन की अंतिम तिथि 30 मार्च 2026 निर्धारित है। समय सीमा नजदीक होने के कारण यदि समस्या का समाधान जल्द नहीं हुआ तो आवेदक को बड़ा नुकसान उठाना पड़ सकता है।



