छत्तीसगढ़

विश्व रंगमंच दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, बच्चों ने बिखेरा हुनर का रंग

सुधा सोसाइटी फाउंडेशन का आयोजन

रायपुर, 26 मार्च 2026। विश्व रंगमंच दिवस (27 मार्च) की पूर्व संध्या पर सुधा सोसाइटी फाउंडेशन द्वारा आमासिवनी स्थित सुधा ओपन स्कूल में एक उत्साहपूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस आयोजन में विद्यार्थियों ने नृत्य और प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सामाजिक कार्यकर्ता ज्योति डेमुडू उपस्थित रहीं। उनके साथ अर्चना शर्मा, लता गुप्ता, सुनीता गोयल, मंजू पालीवाल, निर्मला केडिया और ज्योति उघड़े सहित कई अतिथियों ने शिरकत की। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक स्वागत के साथ हुई।

विद्यार्थियों ने रंगारंग प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कक्षा 1 की छात्रा ईशिका चौहान ने मोबाइल के सजग उपयोग पर आधारित विशेष प्रस्तुति देकर सभी का ध्यान आकर्षित किया। इसके अलावा अन्य छात्र-छात्राओं ने भी नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए अपनी कला का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया गया और बच्चों के लिए अल्पाहार की व्यवस्था भी की गई। अंत में देशभक्ति गीत और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

संस्था के संस्थापक जी.के. भटनागर ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रंगमंच न केवल मनोरंजन का माध्यम है, बल्कि यह बच्चों के व्यक्तित्व विकास और सामाजिक जागरूकता में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। संस्था शिक्षा, स्वास्थ्य और सामुदायिक विकास के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है।

Related Articles

Back to top button