छत्तीसगढ़

पेट्रोल-डीज़ल की कीमतों में कमी से आम आदमी को मिलेगी राहत : डॉ. तिवारी

गरियाबंद, 28 मार्च 2026। पेट्रोल एवं डीजल की कीमतों में कमी को लेकर केंद्र सरकार द्वारा लिए गए निर्णय पर भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के जिला संयोजक डॉ. अरविंद नाथ तिवारी ने प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय आमजन को राहत देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

डॉ. तिवारी ने कहा कि ईंधन की कीमतों में कमी से न केवल आम उपभोक्ताओं को फायदा होगा, बल्कि परिवहन और आवश्यक वस्तुओं की लागत में भी कमी आने की संभावना है। उन्होंने बताया कि इसका सीधा सकारात्मक प्रभाव बाजार व्यवस्था और आर्थिक गतिविधियों पर पड़ेगा।

उन्होंने आगे कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में जहां कच्चे तेल की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव बना हुआ है, ऐसे समय में यह फैसला संतुलन बनाए रखने में सहायक सिद्ध होगा।

ईंधन सस्ता होने से स्वास्थ्य क्षेत्र में भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा
डॉ. तिवारी ने यह भी कहा कि ईंधन सस्ता होने से स्वास्थ्य क्षेत्र में भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। अस्पतालों में उपयोग होने वाली एंबुलेंस सेवाओं, दवाइयों के परिवहन और चिकित्सा उपकरणों की लागत में कमी आएगी, जिससे मरीजों को उपचार अपेक्षाकृत सस्ता और सुलभ हो सकेगा।

उन्होंने उम्मीद जताई कि इस निर्णय से किसानों, व्यापारियों और मध्यम वर्ग को राहत मिलेगी तथा महंगाई पर नियंत्रण में भी मदद मिलेगी।

अंत में उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा समय-समय पर लिए जा रहे ऐसे कदम जनहित को ध्यान में रखकर किए जा रहे हैं, जिससे आम लोगों को सीधा लाभ मिल सके।

Related Articles

Back to top button