छत्तीसगढ़

रायगढ़ पुलिस का ऑपरेशन आघात: दो महीने में 4 करोड़ के मादक पदार्थ जब्त

रायगढ़, 30 मार्च 2026। रायगढ़ जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन आघात” ने दो महीने पूरे कर लिए हैं और इस दौरान रायगढ़ पुलिस ने मादक पदार्थों के विरुद्ध ऐतिहासिक कार्रवाई की है। अभियान के तहत अब तक करीब ₹4 करोड़ 50 लाख मूल्य के अवैध शराब, गांजा और अफीम जब्त किए गए हैं, जबकि सैकड़ों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

367 आरोपी गिरफ्तार
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में 26 जनवरी से शुरू हुए इस अभियान के तहत जिलेभर में सुनियोजित तरीके से कार्रवाई की गई। पुलिस ने अवैध शराब के 357 प्रकरण दर्ज कर 367 आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से 2845 लीटर देसी, अंग्रेजी और महुआ शराब बरामद की। इनमें 2612 लीटर महुआ शराब शामिल है, जिससे सीमावर्ती क्षेत्रों से होने वाली तस्करी पर भी रोक लगी है।

गांजा तस्करों पर वार
गांजा तस्करी के खिलाफ भी पुलिस ने सख्ती दिखाई। उड़ीसा मार्ग से संचालित नेटवर्क पर कार्रवाई करते हुए 16 मामलों में 27 तस्करों को गिरफ्तार किया गया और 100 किलो से अधिक गांजा जब्त किया गया। वहीं, अवैध अफीम की खेती पर भी बड़ा प्रहार करते हुए तमनार और लैलूंगा क्षेत्र में 4 प्रकरण दर्ज कर 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इन मामलों में 2963 किलो अफीम (पौधों सहित) जब्त की गई, जिसकी कीमत करोड़ों में आंकी गई है।

अभियान के दौरान कुल 394 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। साथ ही नशीले पदार्थों के परिवहन में उपयोग किए जा रहे 24 वाहनों (21 दुपहिया और 3 चार पहिया) को भी जब्त किया गया है।

एसएसपी का सख्त संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि नशे के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि अपने आसपास किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

रायगढ़ पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में नशे के खिलाफ बड़ी और प्रभावी पहल माना जा रहा है, जिससे अपराध पर नियंत्रण के साथ समाज में सुरक्षा का माहौल मजबूत होने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button