छत्तीसगढ़

बीजापुर में 93 हथियारों के साथ 25 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण

7.2 किलो सोना और करीब 2.90 करोड़ रुपये नगद बरामद

बीजापुर, 31 मार्च 2026। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में ‘नक्सल मुक्त बस्तर’ अभियान के अंतिम दिन सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। 25 से अधिक नक्सलियों ने 93 हथियारों के साथ आत्मसमर्पण कर दिया। समर्पण के बाद उनकी निशानदेही पर सुरक्षा बलों ने 7.2 किलो सोना और करीब 2.90 करोड़ रुपये नगद बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई लंबे समय से चल रहे सर्च ऑपरेशन और खुफिया इनपुट के आधार पर की गई। आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों ने जंगलों में छिपाकर रखे हथियारों और नकदी के ठिकानों की जानकारी दी, जिसके बाद यह बड़ी बरामदगी संभव हो सकी।

सुकमा में भी दो इनामी नक्सलियों ने डाला हथियार
इसी कड़ी में सुकमा जिले में भी दो इनामी नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है, जिन पर 8-8 लाख रुपये का इनाम घोषित था। लगातार सर्चिंग और दबाव के चलते नक्सली संगठन कमजोर पड़ते नजर आ रहे हैं और कई सदस्य मुख्यधारा में लौट रहे हैं।

जंगलों में छिपा था बड़ा डंप
सुरक्षा बलों ने पूर्व नक्सलियों से मिले इनपुट के आधार पर विशेष अभियान चलाकर जंगलों में छिपाए गए हथियारों और नकदी का बड़ा जखीरा बरामद किया। इसमें ऑटोमैटिक हथियार और लाखों रुपये की अतिरिक्त नकदी भी शामिल है।

खत्म होने की कगार पर नक्सल नेटवर्क : एसपी चव्हाण 
बीजापुर के एसपी किरण चव्हाण ने बताया कि यह कार्रवाई नक्सल नेटवर्क के कमजोर होने का संकेत है। उन्होंने कहा कि लगातार ऑपरेशन और विकास कार्यों के चलते अब दूरस्थ इलाकों तक शासन की योजनाएं पहुंच रही हैं, जिससे स्थानीय लोग नक्सलियों से दूरी बना रहे हैं।

पुनर्वास नीति का असर
सरकार की पुनर्वास नीति के तहत आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को आर्थिक सहायता, सुरक्षा, कौशल प्रशिक्षण और सम्मानजनक जीवन की सुविधा दी जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि इसी नीति के चलते बड़ी संख्या में नक्सली हथियार छोड़कर मुख्यधारा में लौट रहे हैं।

Related Articles

Back to top button