चूना पत्थर खदान के विरोध में ग्रामीणों का प्रदर्शन, प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 1 अप्रैल 2026। सारंगढ़ में प्रस्तावित चूना पत्थर खदान के विरोध में क्षेत्र में बड़ा जनआंदोलन देखने को मिला। सारंगढ़ में हजारों की संख्या में ग्रामीण सड़कों पर उतर आए और गढ़ चौक से शुरू हुआ प्रदर्शन देखते ही देखते विशाल जनसैलाब में बदल गया।
कुटेला, खैरहा, जूनाडीह, गोढ़ियारी, भैंजनार और रापागुला समेत कई गांवों से पहुंचे ग्रामीणों ने एकजुट होकर खदान परियोजना का विरोध किया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि करीब 1800 एकड़ जमीन पर प्रस्तावित इस खदान से जल, जंगल और जमीन पर गंभीर असर पड़ेगा, जिससे उनके जीवन और आजीविका पर संकट खड़ा हो जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपनी नाराजगी जाहिर की। इसके बाद बड़ी संख्या में लोगों ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि किसी भी हालत में खदान को शुरू न किया जाए।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों को अनदेखा किया गया, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। फिलहाल इस मुद्दे को लेकर पूरे क्षेत्र में माहौल गरमाया हुआ है और लोगों में आक्रोश साफ नजर आ रहा है।
अब सभी की नजर प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।



