बिज़नेस

Oracle की बड़ी छंटनी: 30 हजार कर्मचारियों पर गिरी गाज

भारत में 12 हजार कर्मचारियों की नौकरी गई

नई दिल्ली, 1 अप्रैल 2026। अमेरिकी टेक कंपनी Oracle ने पिछले एक साल की सबसे बड़ी छंटनी करते हुए वैश्विक स्तर पर करीब 30 हजार कर्मचारियों को निकालना शुरू कर दिया है। इस फैसले का सबसे ज्यादा असर भारत में देखने को मिला है, जहां करीब 12 हजार कर्मचारियों की नौकरी चली गई है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, कर्मचारियों को बिना किसी पूर्व सूचना के सुबह 5 से 6 बजे के बीच ईमेल भेजकर नौकरी खत्म होने की जानकारी दी गई। इसके तुरंत बाद उनका सिस्टम एक्सेस भी बंद कर दिया गया, जिससे कर्मचारियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

मुनाफे में होने के बावजूद छंटनी

हैरानी की बात यह है कि Oracle वित्तीय संकट में नहीं है। Larry Ellison की कंपनी का नेटवर्थ करीब 400 बिलियन डॉलर बताया जा रहा है और हाल ही में कंपनी ने 22 प्रतिशत की आय वृद्धि भी दर्ज की है। इसके बावजूद इतनी बड़ी छंटनी का फैसला लिया गया है।

एआई बना मुख्य वजह

इस छंटनी के पीछे सबसे बड़ी वजह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) में बढ़ता निवेश बताया जा रहा है। Oracle अब अपने संसाधनों को एआई इंफ्रास्ट्रक्चर और डेटा सेंटर्स की ओर शिफ्ट कर रही है, जिसके चलते पारंपरिक भूमिकाओं में कटौती की जा रही है।

18% वर्कफोर्स प्रभावित

Oracle कंपनी अपने कुल कर्मचारियों का लगभग 18 प्रतिशत घटाने की योजना पर काम कर रही है। कई टीमों में 50 प्रतिशत तक स्टाफ कम किए जाने की खबरें सामने आई हैं। इस अचानक फैसले से कर्मचारी सदमे में हैं और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।

सेवरेंस पैकेज की पेशकश

Oracle ने प्रभावित कर्मचारियों के लिए सेवरेंस पैकेज की पेशकश की है। इसके तहत हर साल की सेवा पर 15 दिन की सैलरी, एक महीने का नोटिस पे और दो महीने की अतिरिक्त सैलरी दी जाएगी। साथ ही बची हुई छुट्टियों का भुगतान और पात्रता के अनुसार ग्रेच्युटी भी दी जाएगी।

टेक इंडस्ट्री में बढ़ती अनिश्चितता

Oracle की यह छंटनी पिछले 12 महीनों में किसी एक कंपनी द्वारा की गई सबसे बड़ी कटौती मानी जा रही है। इससे पहले Amazon, Microsoft और Intel जैसी कंपनियां भी हजारों कर्मचारियों को निकाल चुकी हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि एआई के तेजी से बढ़ते प्रभाव के चलते आने वाले समय में टेक इंडस्ट्री में छंटनियों का दौर जारी रह सकता है, जिससे कर्मचारियों के बीच असुरक्षा और चिंता का माहौल बना हुआ है।

Related Articles

Back to top button