छत्तीसगढ़

अभनपुर हत्याकांड: पहले बेरहमी से पीटा, फिर जिंदा गड्ढे में दफनाया…

एक महिला, 2 नाबालिग समेत 5 हिरासत में 

रायपुर, 3 अप्रैल 2026। अभनपुर थाना क्षेत्र में मिले युवक के सनसनीखेज अंधेकत्ल की गुत्थी रायपुर ग्रामीण पुलिस ने सुलझा ली है। मामले में प्रेम प्रसंग के चलते की गई हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक महिला सहित कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है।

क्या है मामला?
घटना 21 मार्च 2026 की है, जब ग्राम भरेंगाभाठा के पास मुरूम गड्ढे में एक युवक का शव दबा हुआ मिला था, जिसमें हाथ और पैर बाहर दिखाई दे रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। पोस्टमार्टम में खुलासा हुआ कि युवक को पहले बुरी तरह पीटा गया और फिर अधमरी हालत में गड्ढे में दफना दिया गया, जिससे उसकी सांस रुकने से मौत हो गई।

गुमशुदगी से हुई पहचान
जांच के दौरान कपड़ों, टैटू और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मृतक की पहचान थाना माना में दर्ज गुमशुदा नितेश बत्रा (29) के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की कड़ियां जोड़नी शुरू की।

प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह
तफ्तीश में सामने आया कि मुख्य आरोपी श्याम सुंदर सोनी और सावित्री साहू के बीच प्रेम संबंध था। मृतक नितेश बत्रा का भी महिला के घर आना-जाना था, जिसे लेकर आरोपी नाराज था। 16 मार्च की रात इसी बात को लेकर विवाद हुआ और आरोपियों ने नितेश के साथ मारपीट शुरू कर दी।

आरोपियों ने पहले लकड़ी और हाथ-मुक्कों से उसे पीटा, फिर ऑटो में बैठाकर अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर बेरहमी से मारते रहे। अंत में गमछे से गला दबाकर उसे बेहोश कर दिया और परसुलीडीह-भरेंगाभाठा के बीच मुरूम खदान में जिंदा दफन कर फरार हो गए।

ऐसे पकड़े गए आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए अमरेश मिश्रा और श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर सूचना और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी श्याम सुंदर सोनी, सुमित कोसले, सावित्री साहू और दो विधि के साथ संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त ऑटो, लकड़ी और अन्य सामान भी जब्त किया है। मामले में एक अन्य आरोपी माईकल सैनी अब भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ थाना अभनपुर में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button