कार्यकर्ताओं को मिलेगी पार्टी की विचारधारा, संगठन की कार्यशैली की जानकारी
जवाहर नगर मंडल के ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान–2026’ का शुभारंभ

रायपुर, 4 अप्रैल 2026। राजधानी रायपुर के समता कॉलोनी स्थित रामनाथ भीमसेन भवन में जवाहर नगर मंडल द्वारा आयोजित ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान–2026’ का भव्य शुभारंभ हुआ। दो दिवसीय इस प्रशिक्षण वर्ग का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को वैचारिक और संगठनात्मक रूप से मजबूत करना है।
मंडल अध्यक्ष संदीप जंघेल और मीडिया प्रभारी प्रणीत जैन ने बताया कि इस प्रशिक्षण शिविर के माध्यम से कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा, संगठन की कार्यशैली और जनहित योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता पुरंदर मिश्रा ने उद्घाटन से पहले परिसर में लगी प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ सरकार की उपलब्धियों, मंडल के सेवा कार्यों और महापुरुषों के जीवन से जुड़े चित्र प्रदर्शित किए गए।
इसके बाद भारत माता, छत्तीसगढ़ महतारी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया।
विचारधारा और संगठन पर जोर
प्रथम सत्र को संबोधित करते हुए विधायक पुरंदर मिश्रा ने ‘एकात्म मानववाद’ और ‘अंत्योदय’ के सिद्धांतों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही संगठन की रीढ़ हैं और प्रशिक्षण के माध्यम से ही योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम में भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इस दौरान कार्यकर्ताओं का पारंपरिक तरीके से तिलक और पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। शिविर की शुरुआत ध्वजारोहण के साथ हुई और सभी प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया।
कार्यक्रम का संचालन अश्वनी विश्वकर्मा ने किया। पहले दिन के सत्र में कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला और संगठन को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया।



