छत्तीसगढ़

एवरेस्ट पर तिरंगा फहराएगी छत्तीसगढ़ की बेटी, CM साय ने दी शुभकामनाएं

रायपुर, 6 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ की युवा पर्वतारोही अमिता श्रीवास विश्व की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा फहराने के लक्ष्य के साथ अभियान पर निकलने जा रही हैं। इस मौके पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री साय ने रायपुर स्थित अपने निवास में अमिता श्रीवास से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि अमिता 9 अप्रैल को काठमांडू के लिए रवाना होंगी, जहां से उनका एवरेस्ट अभियान शुरू होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सिर्फ एक व्यक्ति की उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के साहस, आत्मविश्वास और सपनों का प्रतिनिधित्व है।

उन्होंने कहा कि अमिता का यह प्रयास प्रदेश की बेटियों के लिए प्रेरणा है, जो हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा से नए आयाम स्थापित कर रही हैं। उनका यह अभियान दिखाता है कि मजबूत संकल्प और मेहनत से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने यह भी उल्लेख किया कि अमिता श्रीवास इससे पहले वर्ष 2021 में माउंट किलिमंजारो फतह कर चुकी हैं, जो उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति और क्षमता का प्रमाण है।

साय ने विश्वास जताया कि अमिता अपने इस साहसिक अभियान में सफलता हासिल कर देश का तिरंगा विश्व की सबसे ऊंची चोटी पर लहराएंगी और छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश का नाम रोशन करेंगी।

अंत में मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों की ओर से उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Related Articles

Back to top button