
नई दिल्ली/रायपुर, 7 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर बस्तर के समग्र विकास का विस्तृत रोडमैप पेश किया। इस दौरान उन्होंने नक्सलवाद के अंत के बाद प्रदेश में स्थापित शांति के लिए आभार जताते हुए प्रधानमंत्री को मानसून के बाद बस्तर दौरे का निमंत्रण भी दिया।
मुख्यमंत्री ने “बस्तर 2.0” के तहत क्षेत्र के विकास के लिए तैयार ब्लूप्रिंट सौंपते हुए बताया कि अब बस्तर में शांति के साथ विकास का नया दौर शुरू हो चुका है। इस योजना में शिक्षा, स्वास्थ्य, कनेक्टिविटी, रोजगार और पर्यटन को प्राथमिकता दी गई है।
विकास का व्यापक खाका
सीएम साय ने बताया कि बस्तर में एजुकेशन सिटी, सुपर स्पेशलिटी अस्पताल और मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जा रहे हैं। वहीं इंद्रावती नदी पर बैराज, रेल लाइन और एयरपोर्ट विस्तार से क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत की जाएगी।
ब्लूप्रिंट ‘सैचुरेशन, कनेक्ट, फैसिलिटेट, एम्पावर और एंगेज’ रणनीति पर आधारित है। इसके तहत 2027 तक प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधूरे कार्य पूरे करने के साथ 228 नई सड़कें और 267 पुल बनाने का प्रस्ताव है। साथ ही 61 नई परियोजनाओं के लिए केंद्र से विशेष सहायता मांगी गई है।
शिक्षा, स्वास्थ्य और युवा पर फोकस
प्रदेश में 45 पोटा केबिन स्कूलों को स्थायी भवनों में बदला जाएगा। युवाओं के लिए 15 स्टेडियम और 2 मल्टीपर्पज हॉल बनाए जाएंगे। स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और डॉक्टरों के लिए ट्रांजिट हॉस्टल बनाए जाएंगे।
कृषि और रोजगार को बढ़ावा
इंद्रावती नदी पर देउरगांव और मटनार परियोजनाओं से 31,840 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी। सरकार ने 2029 तक 85% परिवारों की मासिक आय 15,000 से बढ़ाकर 30,000 रुपये करने का लक्ष्य रखा है।
‘नियद नेल्ला नार 2.0’ योजना का विस्तार नए जिलों तक किया जा रहा है, जबकि 2030 तक 5,000 स्टार्टअप तैयार करने का लक्ष्य भी निर्धारित किया गया है।
पर्यटन और पहचान को मिलेगा नया आयाम
चित्रकोट और तीरथगढ़ जलप्रपात, कांगेर घाटी नेशनल पार्क सहित कई पर्यटन स्थलों का विकास किया जा रहा है। एडवेंचर टूरिज्म, कैनोपी वॉक और ग्लास ब्रिज जैसी परियोजनाएं बस्तर को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में अहम होंगी।
पीएम दौरे में होंगे बड़े प्रोजेक्ट लॉन्च
प्रस्तावित दौरे के दौरान रावघाट-जगदलपुर रेल लाइन, जगदलपुर एयरपोर्ट विस्तार, सुपर स्पेशलिटी अस्पताल और दंतेवाड़ा मेडिकल कॉलेज जैसी परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन से बस्तर विकास, विश्वास और अवसरों का नया केंद्र बनकर उभरेगा।



