छत्तीसगढ़

खेतों में जुआ, पुलिस की रेड: मर्सिडीज-आईफोन सहित लाखों जब्त

रायपुर, 7 अप्रैल 2026। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने जुआरियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अभनपुर थाना क्षेत्र में दबिश देकर लाखों रुपये नकद, लग्जरी कार और महंगे मोबाइल बरामद किए हैं।

जानकारी के अनुसार, 6 अप्रैल 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रायपुर ग्रामीण और धमतरी जिले की सीमा पर ग्राम टोकरो के पास खेतों में कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और डीएसपी नवा रायपुर के नेतृत्व में टीम ने मौके पर छापेमारी की।

पुलिस को देखकर जुआ खेल रहे लोग भागने लगे। इस दौरान पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दो आरोपियों को मौके से पकड़ लिया, जबकि अन्य आरोपी अंधेरे और खेतों का फायदा उठाकर फरार हो गए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल सिंह (34), निवासी सेक्टर-10 भिलाई और रितेश कुमार (36), निवासी आनंद विहार, तेलीबांधा रायपुर के रूप में हुई है।

रेड के दौरान पुलिस ने मौके से ₹6.34 लाख नगद, एक मर्सिडीज कार, दो आईफोन और ताश की गड्डी जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब ₹42.14 लाख बताई जा रही है।

फरार आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उनकी पहचान करने में जुटी है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button