छत्तीसगढ़

‘शेकरू’ का शिकार कर बनाई रील, वीडियो वायरल होते ही युवक गिरफ्तार

दंतेवाड़ा, 9 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में दुर्लभ वन्य जीव ‘शेकरू’ (बड़ी गिलहरी) के शिकार का मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने 9 शेकरू का शिकार कर उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आपको बता दें कि शेकरू (Indian Giant Squirrel) महाराष्ट्र का राजकीय पशु है और यह संरक्षित प्रजाति है।

शिकार के बाद बनाई रील
जानकारी के अनुसार, बारसूर थाना क्षेत्र निवासी आरोपी बंशी राम कवासी ने शेकरू का शिकार करने के बाद हिड़मा के गाने पर रील बनाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड की थी। वीडियो में शिकार के बाद वन्य जीव को पकाते और खाते हुए भी दिखाया गया, जिससे मामला गंभीर हो गया।

वन विभाग ने ऐसे पकड़ा आरोपी
वीडियो वन विभाग तक पहुंचने के बाद डीएफओ के निर्देश पर टीम गठित की गई। अधिकारियों ने सोशल मीडिया के जरिए आरोपी की लोकेशन ट्रैक की और अबूझमाड़ क्षेत्र के एक गांव में दबिश देकर उसे पकड़ लिया।

10 अन्य आरोपियों की तलाश
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि इस शिकार में उसके साथ 10 अन्य लोग भी शामिल थे। वन विभाग अब उनकी तलाश में जुटा हुआ है और जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।

दुर्लभ प्रजाति का मामला
‘शेकरू’ एक दुर्लभ वन्य जीव है, जो वन्यजीव संरक्षण के तहत संरक्षित प्रजातियों में शामिल है। ऐसे में इसके शिकार को गंभीर अपराध माना जाता है।

वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन्यजीवों के अवैध शिकार के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और दोषियों को कानून के तहत कड़ी सजा दिलाई जाएगी।

Related Articles

Back to top button