VIP रोड के क्लब में बवाल: ‘हाय’ से शुरू विवाद, मारपीट तक पहुंचा…

रायपुर, 9 अप्रैल 2026। राजधानी रायपुर के VIP रोड स्थित एक क्लब में बुधवार देर रात मामूली बात ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया। एक युवती को “हाय” कहने से शुरू हुआ मामला देखते ही देखते दो पक्षों के बीच झूमाझटकी और मारपीट में बदल गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शहर के क्लब कल्चर और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
मामूली बातचीत से बढ़ा विवाद
सूत्रों के मुताबिक, क्लब में मौजूद एक युवक ने एक युवती को “हाय” कहा, जिस पर वहां मौजूद दूसरे पक्ष ने आपत्ति जताई। इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो कुछ ही देर में तनावपूर्ण माहौल में बदल गई।
झूमाझटकी और मारपीट
देखते ही देखते बहस ने हिंसक रूप ले लिया और युवकों के बीच धक्का-मुक्की, तीखी बहस और मारपीट शुरू हो गई। क्लब के सुरक्षा गार्ड स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश करते रहे, लेकिन वे हालात संभालने में नाकाम नजर आए।
पुलिस की मौजूदगी में भी हंगामा
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक विवाद काफी बढ़ चुका था। पुलिस की मौजूदगी में भी दोनों पक्षों के बीच तनाव बना रहा। इसी दौरान किसी ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
क्लब कल्चर पर उठे सवाल
वीडियो सामने आने के बाद शहर में क्लबों की सुरक्षा व्यवस्था और देर रात होने वाली घटनाओं पर बहस तेज हो गई है। लोगों का कहना है कि ऐसे स्थानों पर निगरानी और सख्ती बढ़ाने की जरूरत है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।



