छत्तीसगढ़

e-चालान फ्रॉड अलर्ट: सुरक्षित भुगतान के लिए अपनाएं ये जरूरी सावधानियां…

रायपुर, 12 अप्रैल 2026। साइबर अपराधी अब फर्जी e-चालान मैसेज और नकली वेबसाइट/एप्लीकेशन के जरिए लोगों को ठगने के नए तरीके अपना रहे हैं। इसे लेकर रायपुर पुलिस ने नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

पुलिस के अनुसार, अनजान नंबरों से भेजे जा रहे SMS या व्हाट्सएप मैसेज में दिए गए लिंक पर क्लिक करने से लोग धोखाधड़ी का शिकार हो सकते हैं। ऐसे मामलों में साइबर ठग फर्जी वेबसाइट बनाकर वाहन चालान के नाम पर लोगों से पैसे वसूलते हैं।

आधिकारिक प्लेटफॉर्म से ही करें भुगतान

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वाहन के पेंडिंग e-चालान का भुगतान केवल परिवहन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://echallan.parivahan.gov.in/ या NextGen mParivahan App के माध्यम से ही करें। इन प्लेटफॉर्म पर भुगतान करने पर कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लगता, जबकि थर्ड पार्टी एप्लीकेशन से भुगतान करने पर अतिरिक्त चार्ज देना पड़ सकता है।

इन बातों का रखें खास ध्यान

  • अनजान लिंक पर क्लिक न करें
  • केवल अधिकृत सेंडर आईडी (जैसे VAAHAN-G) से आए संदेशों पर ही भरोसा करें
  • किसी के साथ OTP साझा न करें
  • फर्जी कॉल या मैसेज के आधार पर तुरंत भुगतान न करें
  • वेबसाइट की स्पेलिंग और लिंक की सत्यता जरूर जांचें

ठगी होने पर क्या करें

यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाता है, तो तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें। साथ ही अपने बैंक को तुरंत सूचित करें, ताकि लेनदेन को रोका जा सके।

पुलिस की अपील

रायपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने मोबाइल में NextGen mParivahan App इंस्टॉल करें और सुरक्षित तरीके से e-चालान की जानकारी व भुगतान करें। साथ ही, इस ऐप के जरिए वाहन से जुड़े जरूरी दस्तावेज भी डिजिटल रूप में सुरक्षित रखे जा सकते हैं।

Related Articles

Back to top button