छत्तीसगढ़

बाईपास रोड की मांग को लेकर तिल्दा में कांग्रेस का हल्ला बोल

मंत्री बंगले का घेराव

तिल्दा-नेवरा, 13 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ के तिल्दा नेवरा में सोमवार को बाईपास रोड निर्माण, बिगड़ती यातायात व्यवस्था और अवैध जुआ-सट्टा के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। सड़क पर उतरे कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध दर्ज कराया।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र पप्पू बंजारे के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने मंत्री टंकराम वर्मा के तिल्दा स्थित बंगले का घेराव किया। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान बाईपास रोड निर्माण का वादा किया गया था, लेकिन दो साल बाद भी उसे पूरा नहीं किया गया।

कांग्रेस नेताओं ने शहर की यातायात व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि ट्रैफिक पुलिस की कमी और अव्यवस्था के कारण आम जनता को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। साथ ही नगर पालिका अध्यक्ष के पति पर अतिक्रमण और दबंगई के गंभीर आरोप लगाए गए।

प्रदर्शन में शामिल वरिष्ठ नेता शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा कि तिल्दा के साथ लगातार अन्याय हो रहा है, जबकि अन्य क्षेत्रों में विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अवैध गतिविधियों पर रोक नहीं लगी तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

इससे पहले दीनदयाल चौक पर सभा आयोजित की गई, जिसके बाद रैली निकालकर कार्यकर्ता मंत्री आवास पहुंचे। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात था, जिसने प्रदर्शनकारियों को बंगले के अंदर जाने से रोक दिया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झूमाझटकी भी हुई।

प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नेता शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button