वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर ब्लास्ट: 3 मजदूरों की मौत, दर्जनों झुलसे
8 गंभीर रूप से झुलसे

सक्ती, 14 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में मंगलवार दोपहर बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। डभरा क्षेत्र स्थित वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर फटने से अफरा-तफरी मच गई। इस दर्दनाक हादसे में तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 30 से 40 मजदूर झुलस गए हैं।
जानकारी के अनुसार, सिंघीतराई स्थित प्लांट में सामान्य रूप से काम चल रहा था, तभी दोपहर करीब 2 बजे अचानक जोरदार धमाके के साथ बॉयलर ब्लास्ट हो गया। विस्फोट इतना तेज था कि आसपास काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए और बुरी तरह झुलस गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत नाजुक बताई जा रही है।
प्रशासन ने मामले की जांच के निर्देश दे दिए हैं और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। वहीं, इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।



