छत्तीसगढ़

वेदांत पावर प्लांट हादसा: मौत का आंकड़ा 9 पहुंचा, CM साय ने दिए जांच के आदेश

सक्ती, 14 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांत पावर प्लांट में हुए भीषण बॉयलर ब्लास्ट में मृतकों की संख्या बढ़कर 9 हो गई है, जबकि 50 से अधिक मजदूर घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद पूरे प्लांट में अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार के बीच राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।

जानकारी के मुताबिक, डभरा थाना क्षेत्र के इस प्लांट में दोपहर के समय अचानक बॉयलर में जोरदार विस्फोट हुआ, जिसकी चपेट में आकर बड़ी संख्या में मजदूर झुलस गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। कई गंभीर घायलों का इलाज पद्मावती अस्पताल में जारी है।

दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी: सीएम साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है। उन्होंने कहा कि घटना की जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हादसे के बाद प्लांट के बाहर परिजनों की भीड़ जमा हो गई है। परिजनों ने प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं और जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। बताया जा रहा है कि इस प्लांट में पहले भी हादसे हो चुके हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

Related Articles

Back to top button