छत्तीसगढ़

रायपुर में 50 करोड़ का पैंगोलिन बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

रायपुर, 22 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ में वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए छत्तीसगढ़ वन विभाग की टीम ने राजधानी रायपुर से करीब 50 करोड़ रुपये कीमत का पैंगोलिन बरामद किया है। इस मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

वन विभाग को सूचना मिली थी कि भाठागांव क्षेत्र के रावांभाठा इलाके में दो संदिग्ध व्यक्ति एक झुग्गी में ठहरे हुए हैं और उनके पास जिंदा पैंगोलिन है। सूचना के आधार पर विभाग ने एक कर्मचारी को ग्राहक बनाकर मौके पर भेजा। आरोपियों ने उसे पैंगोलिन दिखाया और इसकी कीमत करीब 50 करोड़ रुपये बताई।

संकेत मिलते ही बाहर मौजूद टीम ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान आरोपी भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन टीम ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया। उनके कब्जे से करीब 20 किलो वजनी पैंगोलिन जब्त किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्यारेलाल गोपचे (बलाघाट, मध्यप्रदेश) और गोखन हलदार (भानुप्रतापपुर, कांकेर) के रूप में हुई है। वन विभाग पिछले एक सप्ताह से इनकी तलाश में जुटा हुआ था।

फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

Related Articles

Back to top button