रामनामी बड़े भजन मेला की तैयारी शुरू, उत्साह के साथ भूमिपूजन संपन्न

बिलाईगढ़, 2 मई 2026। बिलाईगढ़ क्षेत्र के झुमरपाली-भटगांव में आगामी रामनामी बड़े भजन मेला की तैयारियां शुरू हो गई हैं। छत्तीसगढ़ रामनामी रामराम भजन संस्था के तत्वावधान में पुष्पवाटिका और खेल मैदान के बीच स्थित स्थल पर विधिवत पूजा-अर्चना कर भूमिपूजन किया गया।
कार्यक्रम में रामनामी समुदाय की गुरुमाता सेतबाई ने अपने सहयोगियों के साथ विधिवत नींव रखी। धार्मिक माहौल में भजन-कीर्तन और कलश शोभायात्रा के साथ पूरे आयोजन को उत्साह और श्रद्धा के साथ संपन्न किया गया।
बताया गया कि नंदेली जैजैपुर में आयोजित रामराम भजन मेला के दौरान ही वर्ष 2026-27 के लिए झुमरपाली-भटगांव को अगले आयोजन स्थल के रूप में प्रस्तावित किया गया था। उसी के तहत अब यहां तैयारियों का विधिवत शुभारंभ कर दिया गया है।
इस अवसर पर नगर के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम में धार्मिक आस्था और सामुदायिक एकता की झलक देखने को मिली।



