छत्तीसगढ़

टेस्ट फायरिंग के दौरान फटा रायफल का चैंबर, जवान घायल

धमतरी, 4 मई 2026। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पुलिस लाइन में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब नियमित टेस्ट फायरिंग के दौरान अचानक एक बड़ा हादसा हो गया। फायरिंग अभ्यास के दौरान एक रायफल का चैंबर फट गया, जिससे मौके पर मौजूद जवानों में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, चैंबर फटने से निकले लोहे के टुकड़े पास खड़े जवान चौबेलाल टंडन (निवासी बलोदा बाजार) की गर्दन और सिर के नीचे जा लगे, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े। साथी जवानों ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।

बताया जा रहा है कि धमतरी में 136 जवान एक महीने की ट्रेनिंग के लिए पहुंचे थे और 4 मई को प्रशिक्षण का आखिरी दिन था। इसी दौरान 10 जवानों के एक ग्रुप में फायरिंग अभ्यास चल रहा था, तभी यह हादसा हुआ।

डॉक्टरों के अनुसार घायल जवान की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है, हालांकि एक्स-रे के जरिए यह जांच की जा रही है कि कहीं शरीर में धातु का कोई टुकड़ा फंसा तो नहीं है।

प्रशिक्षण प्रभारी एएसआई डी.आर. बांधे ने बताया कि यह लीडरशिप ट्रेनिंग का हिस्सा था और सभी जवानों को निर्धारित संख्या में फायरिंग करनी थी। शुरुआती तौर पर हादसे की वजह तकनीकी खराबी या अत्यधिक गर्मी को माना जा रहा है, लेकिन पूरे मामले की जांच की जा रही है।

फिलहाल घटना के बाद सुरक्षा और उपकरणों की जांच को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है।

Related Articles

Back to top button